Last Updated:
दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. आसमान में बादल छाए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई है. धूप न निकलने से तापमान में भी गिरावट देखी गई है. मौसम विभाग की मानें तो एनसीआर में अगले 3 दिनों में बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं.
दिल्ली एनसीआर में बदला मौसम, आंधी के साथ बारिश शुरू.
Aaj ka Mausam delhi-NCR: दिल्ली एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मार्च के आखिर में मॉनसून जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. दिल्ली के अलावा एनसीआर के शहरों में 27 मार्च को आसमान में बादल छा गए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं. इससे धूप का असर भी कम हो गया है और मौसम में ठंडक हो गई है. कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है. हालांकि शुक्रवार को एनसीआर में भारी बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है, जिनमें दिल्ली और यूपी भी शामिल हैं. आईएमडी ने इन इलाकों में तेज आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है. जिसका नजारा अब दिखाई देना शुरू हो गया है.
एनसीआर के आसमान में छाए बादलों से तापमान में गिरावट देखी जा रही है. वहीं सर्द हुए मौसम ने लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों की ओर मोड़ दिया है. मौसम विभाग की मानें तो यह हालात अगले तीन दिनों तक रहने की संभावना है.
वीकेंड होने के चलते यह मौसम लोगों को राहत देने वाला भी है. शुक्रवार से रविवार तक बारिश के चलते मौसम सुहावना रहेगा और मार्च में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को कुछ दिन के लिए छुटकारा मिलेगा. हालांकि इस दौरान देश के बाकी हिस्सों में काफी नुकसान की आशंका है, खासतौर पर किसानों के लिए यह बेमौसम बारिश काफी जोखिम भरी है और फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली है.
मौसम विभाग ने क्या बोला?
मौसम विभाग की मानें तो 27 मार्च शाम से बारिश और आंधी-तूफान की गति बढ़ सकती है. यह शहर के तापमान को और नीचे ला सकती है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं वातावरण को और ठंडा करेंगी. हालांकि हल्की बारिश और हवा की वजह से दिल्ली-एनसीआर के एक्यूआई में गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिलेगा.
About the Author

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें





