Delhi Metro News: दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के लोकप्रिया ड्रामा को देखने के शौकीन लोगों के लिए एक और बड़ी सुविधा दिल्ली मेट्रो करने जा रहा है. हाल ही में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और एनएसडी के बीच में समझौता हुआ है, जिसके तहत मेट्रो के कर्मचारियों और यात्रियों को थिएटर देखने की भी सुविधा मिल सकेगी और इसके लिए टिकट भी डीएमआरसी के एप से बुक की जा सकेगी. हालांकि मेट्रो में थिएटर नहीं देखने को मिलेगा, बल्कि फेवरेट ड्रामा को देखने के लिए टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी.
डीएमआरसी की ओर से बताया गया कि दिल्ली मेट्रो ने थिएटर कला, सांस्कृतिक जागरूकता और रचनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के साथ एक समझौता ज्ञापन साइन किया है. इस पर मेट्रो भवन में डीएमआरसी के प्रतिनिधि निदेशक (संचालन और सेवाएं) डॉ. अमित कुमार जैन और NSD के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने किया.
दिल्ली मेट्रो और एनएसडी ने करार किया है.
एमओयू के अनुसार, डीएमआरसी एनएसडी को मेट्रो भवन सभागार सहित विभिन्न मेट्रो परिसरों में जागरूकता-उन्मुख अभियान, थिएटर-आधारित इंटरैक्टिव सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा प्रदान करेगा. इतना ही नहीं एनएसडी को डीएमआरसी के कर्मचारियों और यात्रियों के बीच संस्थागत पहुंच बनाने के अवसर भी दिए जाएंगे. दिल्ली मेट्रो में लाखों यात्री रोजाना सफर करते हैं, इसलिए यह काफी रोचक होने वाला है.
डीएमआरसी ने बताया कि एनएसडी को प्रचार गतिविधियों जैसे कि स्टैंडी, बैनर और मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में सार्वजनिक घोषणाओं के लिए जगह उपलब्ध भी कराई जाएगी. हालांकि ऐसा तभी होगा जब यह व्यावहारिक हो. इसके अलावा डीएमआरसी NSD की टिकटिंग प्रणाली को अपने आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन के साथ एकीकृत कर सकता है, ताकि टिकटिंग सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध हो सकें.
वहीं एनएसडी की ओर से भी डीएमआरसी को सहायता दी जाएगी. NSD सार्वजनिक जागरूकता अभियानों के लिए थिएटर-आधारित संचार सामग्री विकसित करने में दिल्ली मेट्रो को पेशेवर और रचनात्मक सहायता प्रदान करेगा. इनमें नुक्कड़ नाटक, कहानी सुनाने के सत्र और अन्य ऐसे प्रारूपों में प्रदर्शन शामिल हो सकते हैं, जिनका उद्देश्य सामाजिक महत्व के मुद्दों पर जनता को जागरूक करना है.
एनएसडी मेट्रो कर्मचारियों के लिए थिएटर कौशल और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए कार्यशालाएं और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित करेगा. वहीं कर्मचारियों के बच्चों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए रियायती शुल्क लिया जाएगा.
इसके अलावा NSD अपने कार्यक्रमों में डीएमआरसी अधिकारियों की भागीदारी को सुगम बनाएगा, मंच प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि प्रणालियों जैसे थिएटर बुनियादी ढांचे तक पहुंच प्रदान करेगा, और अपनी टिकटिंग प्रणाली को DMRC के ई-टिकटिंग प्लेटफार्म के साथ एकीकृत करने की संभावनाओं को तलाशेगा.





