Last Updated:
UP Expressway: दिल्ली देहरादून के बीच बना नया एक्सप्रेसवे अब फर्राटा भरने को तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इसका उद्घाटन कर सकते हैं. इस दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से यात्रा करने से पहले इसका पूरा रूट मैप भी सामने आ गया है. गाजियाबाद और मेरठ के यात्री इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली और बागपत से कनेक्ट हो सकते हैं.
Delhi Dehradun Expressway का पूरा रूट मैप
गाजियाबाद. दिल्ली और देहरादून के बीच 210 किलोमीटर लंबी 6 से 12 लेन की एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे का रूट मैप सामने आ गया है. गाजियाबाद के लोग दिल्ली के अक्षरधाम से इस एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकते हैं. वहीं मेरठ से देहरादून जाने के लिए लोग बागपत से इस एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकते हैं. बता दें कि दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे देहरादून तक जाएगी. इस एक्सप्रेसवे की वजह से दिल्ली-देहरादून के बीच की दूरी लगभग 70 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा का समय 5-6 घंटे से घटकर मात्र 2.5 घंटे रह जाएगा.
इस एक्सप्रेसवे को चार मुख्य चरणों में बांटा गया है. पहला चरण अक्षरधाम (दिल्ली) से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास बागपत तक (लगभग 32 किमी) है. इस हिस्से में दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र शामिल हैं. कुछ हिस्से पहले से ही ट्रायल के लिए खुल चुके हैं. दूसरा फेज ईपीई से सहरनपुर ईस्ट बायपास तक (लगभग 118 किमी). यह ग्रीनफील्ड सेक्शन है, जिसमें बागपत, बड़ौत, शामली और अन्य इलाके शामिल हैं. इसमें सात बड़े इंटरचेंज और कई अंडरपास बनाए गए हैं. तीसरे चरण में सहरनपुर बायपास से गणेशपुर (एनएच-307) तक (लगभग 40 किमी) है. चौथे चरण में गणेशपुर से देहरादून तक (लगभग 20 किमी) है. इस हिस्से में राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए टनल और ऊंचा फ्लाईओवर बनाया गया है.
बेहतर कनेक्टिविटी
इस एक्सप्रेसवे की वजह से दिल्ली, बागपत, शामली, सहरनपुर और उत्तराखंड को बेहतर तेज रोड कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा सहरनपुर से रुड़की-हरिद्वार तक 50.7 किलोमीटर लंबी 6-लेन स्पर भी बनाई जा रही है, इससे हरिद्वार और चारधाम यात्रा करने वालों को भी काफी फायदा होगा. जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने वाले हैं. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एक्सप्रेसवे पर कई इंटरचेंज, सर्विस लेन, वन्यजीव कॉरिडोर और ऊंचे फ्लाईओवर बनाए गए हैं. परियोजना की कुल लागत लगभग 13,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
यात्रियों को फायदा
गाजियाबाद और मेरठ के यात्रियों को अब दिल्ली से देहरादून जाने के लिए पुराने रास्ते- दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ-मुजफ्फरनगर-सहरनपुर- की बजाय नया सीधा और तेज रूट उपलब्ध होगा. इससे ट्रैफिक जाम कम होगा, ईंधन की बचत होगी और पर्यटन व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा. एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें


