जौनपुर: अगर आप भी जौनपुर में जमीन खरीदकर अपना घर बनाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. जमीन से जुड़े मामलों में थोड़ी सी लापरवाही आपको लंबे समय तक कानूनी परेशानियों में डाल सकती है. अधिवक्ता सत्यवीर सिंह ने बताया कि जमीन खरीदने से पहले कुछ जरूरी कानूनी पहलुओं की सही जानकारी होना बेहद आवश्यक है, अन्यथा आपको कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं.
जमीन खरीदते वक्त किन चीजों का रखें ध्यान
अधिवक्ता सत्यवीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले जिस जमीन को आप खरीदने जा रहे हैं, उसकी खतौनी और खसरा की सही जांच जरूर करें. यह सुनिश्चित करें कि जमीन विक्रेता के नाम पर ही दर्ज है और उस पर किसी प्रकार का विवाद या बकाया न हो. कई बार लोग बिना जांच-पड़ताल के जमीन खरीद लेते हैं और बाद में पता चलता है कि उस पर पहले से कोई मुकदमा चल रहा है.
इसके अलावा, जमीन का भूमि उपयोग भी देखना जरूरी है. यदि आप खेती की जमीन पर घर बनाना चाहते हैं, तो पहले उसका भू-उपयोग परिवर्तन कराना अनिवार्य होता है. बिना अनुमति के निर्माण करने पर प्रशासन कार्रवाई कर सकता है.
सही मूल्य पर रजिस्ट्री कराना जरूरी
अधिवक्ता ने यह भी बताया कि जमीन खरीदते समय रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी की प्रक्रिया पूरी तरह से वैध तरीके से करानी चाहिए. कई लोग पैसे बचाने के चक्कर में कम मूल्य पर रजिस्ट्री कराते हैं, जो भविष्य में विवाद का कारण बन सकता है. सही मूल्य पर रजिस्ट्री कराने से आपकी कानूनी सुरक्षा बनी रहती है.
इसके साथ ही, जमीन पर किसी प्रकार का लोन या बंधक (Mortgage) तो नहीं है, इसकी जांच भी बेहद जरूरी है. बैंक से एनओसी लेना भी एक महत्वपूर्ण कदम है. अगर जमीन गिरवी है और आपने बिना जांच के खरीद ली, तो बाद में बैंक उस पर कब्जा कर सकता है.
अनुभवी वकील से कराएं सभी दस्तावेजों की जांच
अधिवक्ता सत्यवीर सिंह ने यह भी सलाह दी कि जमीन खरीदने से पहले किसी अनुभवी वकील से सभी दस्तावेजों की जांच जरूर करवा लें. साथ ही, स्थानीय प्रशासन या तहसील से भी सत्यापन कराना बेहतर रहता है.
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी से आप अपने सपनों का घर बिना किसी कानूनी परेशानी के बना सकते हैं. वरना एक छोटी गलती आपको सालों तक कचहरी के चक्कर लगवाने पर मजबूर कर सकती है.




