जयपुर : इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले चल रहे हैं और राजस्थान रॉयल्स जीत के रथ पर सवार है. अब तक राजस्थान रॉयल्स ने दो मैच खेले हैं और दोनों मैच जीतकर टीम पॉइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर पर काबिज है, ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के फैंस जयपुर में भी राजस्थान रॉयल्स के चार मैचों को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जिसके लिए जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लगातार मैचों को लेकर तैयारियां चल रही हैं जिसमें 20 करोड़ की लागत से सवाई मानसिंह स्टेडियम में रिनोवेशन का काम तेजी से चल रहा है.
जयपुर में आईपीएल का पहला मैच 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा इसलिए स्टेडियम दिन रात रेनोवेशन का कार्य चल रहा हैं. जयपुर में राजस्थान रॉयल्स हैदराबाद के अलावा दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स से भी भिड़ेगी. इसलिए इन सभी मैचों को सफलतापूर्वक से संपन्न करवाने को लेकर लगातार तैयारियां चल रही हैं. इस बार जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम पूरी तरह अपनी गुलाबी छटा के साथ चमकते हुए नजर आएगा. पिछले सीजन में जयपुर में आईपीएल के मैचों के लिए स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के लिए अतिरिक्त स्टेड बनाएं गए थे लेकिन इस बार बैठने से लेकर बेहतरीन प्रसारण के लिए करोड़ खर्च किए जा रहे हैं.
20 साल बाद बदली जा रही है स्टेडियम में फ्लडलाइट
जयपुर में आईपीएल के चार मैचों के लिए इस बार स्टेडियम में लाइटिंग से लेकर बैठने और एंट्री गेट से लेकर पवेलियन और VIP लाउंज और स्टेड पर करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं. स्टेडियम में 20 सालों बाद चारों एलईडी फ्लडलाइट को बदलकर नई एलईडी फ्लडलाइट लगाईं जा रही हैं जिसमें स्टेडियम के चारों पोल पर पहले 360 फ्लडलाइट थी, जिन्हें 8 करोड़ की लागत से पूरी तरह बदला जा रहा है. फ्लडलाइट के अलावा इस बार स्टेडियम में 5 जेनरेटर भी बदले जा रहे हैं. लाइटिंग पर इस बार करोड़ रुपए खर्च होने के चलते स्टेडियम में रोशनी की क्षमता 3500 लक्स हो जाएगी जिसके चलते पहले से बेहतरीन लाइव प्रसारण देखने का मिलेगा.
पिंक थीम में सज रहा स्टेडियम, मिलेगा इंटरनेशनल अनुभव
लाइटिंग के अलावा स्टेडियम के अंदर और बाहर रिनोवेशन का काम चल रहा है. जिसमें ग्राउंड से लेकर पवेलियन स्टैंड, बिजली व्यवस्था और सभी एंट्री गेट से लेकर न ई कुर्सियां लगाई जा रही हैं, ताकि स्टेडियम में मैच देखने वाले दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का अनुभव मिले. स्टेडियम में 18 हजार कुर्सियों को दशकों के लिए बदला जा रहा है. इसके अलावा पूरे स्टेडियम को पिंक थीम पर पेंट किया जा रहा है. सभी VIP एंट्री गेटों पर पंडाल बनाएं जा रहे हैं ताकि पूरी सुरक्षा और सुविधा के साथ दर्शकों की एंट्री हो सके. बड़े खर्च के अलावा स्टेडियम में अलग अलग हिस्सों में जहां छोटी मोटी टूट-फूट को भी ठीक किया जा रहा है. साथ ही दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में बिजली के खुले तार और बॉक्स को कवर किया जा रहा है. वहीं, साउथ पवेलियन के फर्स्ट फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिसिटी रूम को अब ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया जा रहा है. ताकि किसी भी आपात स्थिति में जोखिम को कम किया जा सके.
सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले चार मुकाबलों का शेड्यूल
राजस्थान रॉयल्स जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पिछले सीजन में जयपुर को 7 मैचों की मेजबानी मिली थी लेकिन इस सीजन जयपुर में सिर्फ 4 मेचों का आयोजन होगा. इनमें राजस्थान रॉयल्स का पहला मुकाबला 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स vs सनराइजर्स हैदराबाद, दूसरा मुकाबला 1 मई को राजस्थान रॉयल्स vs दिल्ली कैपिटल्स, तीसरा मुकाबला 9 मई को राजस्थान रॉयल्स vs गुजरात टाइटंस और चौथा मुकाबला 19 मई को राजस्थान रॉयल्स vs लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ होगा. जयपुर में होने वाले ये सभी मुकाबले शेड्यूल के अनुसार शाम 7:30 बजे होंगे. दिन के समय एक भी मैच नहीं रखा गया है. हर बार जयपुर में आईपीएल के मैचों के लिए भारी संख्या में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी क्रिकेट प्रेमी जयपुर पहुंचते हैं. जिसके चलते जयपुर में आईपीएल मैचों की मेजबानी के चलते यहां पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों जैसे होटल, रेस्टोरेंट और परिवहन सेवाओं से स्थानीय लोगों को अच्छा रोजगार मिलता है.
इस बार राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड में देखेंगे ये खिलाड़ी
इस बार आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम नए खिलाड़ियों और कप्तान के साथ मैदान में नजर आ रही है. इस राजस्थान रॉयल्स में संजू सैमसन की जगह रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स की कमान सौंपी गई हैं और वह अपनी कप्तानी में टीम को लगातार जीत दिला रहे हैं. कप्तान के अलावा इस बार राजस्थान रॉयल्स के साथ अनुभवी खिलाड़ी रविंद्र जडेजा भी जुड़ गए हैं. इस बार राजस्थान रॉयल्स के स्क्वॉड में यशस्वी रविंद्र जडेजा, वैभव सूर्यवंशी, जायसवाल, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर,संदीप शर्मा, जोफ्रा आर्चर, वनिंदू हसरंगा, तुषार देशपांडे, डोनोवन फरेरा, महीश तीक्षणा, अशोक शर्मा, फजलहक फारूकी, क्वेना मफाका, आकाश मधवाल, शुभम दूबे, कुणाल राठौड़, युद्धवीर सिंह चरक, कुमार कार्तिकेय और सैम करैन जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हैं. जिसके चलते टीम लगातार मैच जीत रही है और अब इसी जीत के सिलसिले के साथ टीम अपने होम ग्राउंड जयपुर में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी. जिसका राजस्थान रॉयल्स के फैंस को बेसब्री से इंतजार हैं.





