Last Updated:
David miller brain fade: क्रिकेट के मैदान पर कई बार खिलाड़ियों का ब्रेन फेड होते हुए देखा गया है. ऐसा ही कुछ गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में डेविड मिलर के साथ हुआ. गुजरात के खिलाफ मैच में मिलर ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसके कारण दिल्ली कैपिटल्स को मैच गंवाना पड़ा. इसके कारण मिलर की जमकर आलोचना भी हो रही है.
दिल्ली की हार के बाद डेविड मिलर और कुलदीप यादव
नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में 1 रन से हरा दिया. मुकाबले में आखिरी गेंद तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम बनी हुई थी, लेकिन डेविड मिलर के एक फैसले या कहें कि ब्रेन फेड के कारण उसे हार मिली. अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को 211 रनों का लक्ष्य दिया था.
दिल्ली ने केएल राहुल की दमदार बल्लेबाजी से गुजरात को कड़ी टक्कर दी और आखिरी दो गेंदों पर सिर्फ दो रन चाहिए थे. लेकिन डेविड मिलर की एक बड़ी गलती ने मैच का रुख बदल दिया और उसे करीबी हार झेलनी पड़ गई.
सुपर ओवर में जा सकता था मुकाबला
साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने प्रसिद्ध कृष्णा की दूसरी आखिरी गेंद पर सिंगल लेने से मना कर दिया और फिर आखिरी गेंद पर शॉट नहीं लगा पाए, जिससे टीम हार गई. डेविड मिलर अगर सिंगल ले लेते तो दिल्ली गुजरात के 210 रन के स्कोर की बराबरी कर लेती, लेकिन मिलर ने ऐसा नहीं किया.
मिलर को लगा कि वह बड़ा शॉट खेलकर मैच को निकाल लेंगे, प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी गेंद पर मिलर पूरी तरह से बांध दिया. ऐसे में जैसे-तैसे कुलदीप ने मिलर के साथ एक रन के लिए दौर लगाई, लेकिन जो बटलर ने विकेट के पीछे से उन्हें रनआउट कर गुजरात को सिर्फ 1 रन से जीत दिला दी.
गुजरात की मैच में बल्लेबाजी रही थी दमदार
इससे पहले गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी दमदार रही. शुभमन गिल ने 45 गेंदों में 70 रन की कप्तानी पारी खेली, जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने तेज गति से 55 रन बनाकर गुजरात के स्कोर को 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन तक पहुंचाया.
दिल्ली के लिए गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, लेकिन वह काफी महंगे रहे. उन्होंने 2 विकेट के लिए 55 रन लुटाए. इसके अलावा लुंगी एनगिडी ने 24 रन देकर 1 सफलता हासिल की. दिल्ली की तरफ से बल्लेबाजी में केएल राहुल ने 52 गेंदों में 92 रनों की पारी खेली. इसके अलावा पथुम निसांका ने 41 रन बनाए. आखिर में डेविड मिलर भी 41 रन बनाकर नाबाद रहे.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें


