Last Updated:
Property Cost in Dubai : क्या आप भी दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने की सोच रहे हैं तो यही सबसे अच्छा मौका है. यह मौका दिलाया है ईरान युद्ध ने. इस युद्ध की वजह से दुबई में प्रॉपर्टी की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 44 फीसदी कम हो गई है और कीमतों में भी 4 से 5 फीसदी की नरमी दिख रही है.
दुबई में प्रॉपर्टी की कीमत 5 फीसदी तक सस्ती हो गई है.
नई दिल्ली. ईरान युद्ध ने दुनियाभर में बहुत कुछ बदल दिया है. दुबई में अभी तक आसमान छूती प्रॉपर्टी की बिक्री पिछले साल के मुकाबले आधी रह गई है. दुबई लैंड डिपॉर्टमेंट की ओर से आंकड़े देखें तो साफ पता चलता है कि यहां पिछले साल के मुकाबले मकानों, विला, ऑफिस और कॉमर्शियल मार्केट की बिक्री 44 फीसदी घट चुकी है. प्रॉपर्टी में यह गिरावट 28 फरवरी से अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमले करने और उसके बाद ईरान के जवाबी कार्रवाई के बाद दिखी है.
दुबई के भूमि विभाग की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि 28 फरवरी से 22 मार्च के बीच कुल 8,059 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री हुई है. विश्लेषकों का कहना है कि यह संख्या सामान्य तौर पर होने वाली औसत रजिस्ट्री के मुकाबले काफी कम है, क्योंकि युद्ध की वजह से निवेशकों में डर समाया हुआ है. अभी देश में एयरपोर्ट पर आवाजाही भी काफी कम हो गई है. इस कारण प्रॉपर्टी के खरीदार यहां तक आ नहीं पाते हैं, जिसका सीधा असर प्रॉपर्टी बाजार पर भी दिख रहा है.
हवाई सफर का भी दिख रहा असर
मुंबई के एक प्रॉपर्टी डीलर का कहना है कि अभी दुबई के देश के तमाम हिस्सों से उड़ानें काफी प्रभावित हैं. इस कारण लोग यहां से प्रॉपर्टी देखने दुबई तक नहीं जा पाते हैं. वैसे तो दुबई में रिमोट एरिया यानी दूर से भी प्रॉपर्टी खरीदी जा सकती है, लेकिन ज्यादातर लोग इस प्रॉपर्टी की एक्चुअल लोकेशन देखने और उसे फील करने के लिए खुद जाना पसंद करते हैं. अब चूंकि, उड़ानों का संचालन अभी प्रभावित है तो लोग वहां जा नहीं पाते, जिससे प्रॉपर्टी की डिमांड और कीमतों में गिरावट दिख रही है. दोबारा दुबई एयरपोर्ट पूरी तरह खुलने के बाद प्रॉपर्टी के भाव फिर ऊपर चढ़ने शुरू होंगे.
1000 वर्गफीट जमीन का कितना दाम
दुबई में भले ही प्रॉपर्टी की बिक्री में कमी आई, लेकिन इसकी कीमतों में ज्यादा गिरावट नहीं दिख रही है. आवासीय प्रॉपर्टी के दाम अमूमन 99,250 डॉलर के आसपास रहती है, जो 500 डॉलर यानी 47,000 रुपये प्रति वर्गफीट के आसपास बैठती है. इसका मतलब है कि अगर आपको 1,000 वर्गफीट जमीन खरीदनी है तो करीब 47 से 50 लाख रुपये का खर्चा आएगा. हालांकि, बिक्री में गिरावट की वजह से अब कीमतों में 4 से 5 फीसदी की गिरावट और दिख रही है.
कुछ इलाकों में अब भी बढ़ रही कीमत
ऐसा नहीं है कि दुबई के सभी इलाकों में प्रॉपर्टी सस्ती हो रही है. कुछ पॉश इलाके जैसे डाउनटाउन दुबई में कीमतें आज भी बढ़ती जा रही हैं. यह अलग बात है कि अभी यहां बड़े सौदे नहीं हो रहे हैं. इस इलाके में आवासीय प्रॉपर्टी का रेट आज भी 500 से 700 डॉलर प्रति वर्गफुट के आसपास चल रहा है. कुछ लग्जरी और अल्ट्रा लग्जरी प्रोजेक्ट में निवेश 2 हजार डॉलर प्रति वर्गफीट चल रहा है. हालांकि, ज्यादातर ब्रोकर का यही मानना है कि कीमतों में दोबारा तेजी जल्द शुरू हो जाएगी और दुबई में प्रॉपर्टी की डिमांड भी आने वाले समय में तेजी के साथ बढ़ने की संभावना है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें




