दिल्ली में आंधी बारिश-तूफान, 4 दिन बाद झुलसाएगी गर्मी! महाराष्ट्र में 40 डिग्री पहुंचा पारा, IMD की चेतावनी

Date:


नई दिल्ली: भारत अब पूरी तरह से ‘प्री-समर’ (गर्मियों से पहले के) चरण में प्रवेश कर चुका है. यही वजह है कि पूरे देश का मौसम इस वक्त बिल्कुल भी एक समान नहीं है. जहां एक तरफ उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण हल्की बारिश हो रही है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और दक्षिण-मध्य भारत में भीषण गर्मी और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.

23 मार्च 2026 को दिल्ली की सुबह काफी खुशनुमा रही. कई इलाकों में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 मार्च को दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ लेकर आ रहा तबाही

हालांकि, राहत की यह फुहार ज्यादा लंबी नहीं चलेगी. एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद दिल्ली में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू करेगी. IMD ने भविष्यवाणी की है कि अगले 4 दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की अचानक वृद्धि होगी. हफ्ते के अंत तक तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है और इसके बाद बारिश की कोई संभावना नहीं है.

बिहार में पारा चढ़ने लगा है.

यूपी-बिहार से लेकर पूर्वोत्तर तक बढ़ रहा पारा

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूर्वी भारत में भी गर्मी ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों, मिजोरम और त्रिपुरा में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है. वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना, ओडिशा, तटीय सौराष्ट्र और असम व नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी पारा 2 से 4 डिग्री तक चढ़ गया है.

आग उगल रहा सूरज

जहां उत्तर में अभी मौसम थोड़ा नरम है, वहीं महाराष्ट्र और प्रायद्वीपीय भारत में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. महाराष्ट्र, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, गुजरात और केरल के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 36°C से 40°C के बीच झूल रहा है. देश में सबसे ज्यादा गर्मी महाराष्ट्र के अकोला में दर्ज की गई है, जहां पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है.

दक्षिण भारतीय कई राज्यों में 40 डिग्री के आसपास पारा चढ़ने वाला है.

देश भर का मिला-जुला मिजाज

पूरे भारत की बात करें तो मौसम का मिजाज काफी अलग-अलग है. मौसम विभाग ने बताया है कि जहां आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर भारत (Northeast India) के राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं देश के मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में गरज के साथ तूफानी हवाएं (Thunderstorms) चलने के आसार हैं. साफ है कि इस बार गर्मियां कई राज्यों में जल्द और ज्यादा आक्रामक रूप में दस्तक दे रही हैं.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related