Last Updated:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. 28 मार्च यानि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस हवाई अड्डे का उद्घाटन करने वाले हैं, हालांकि उससे पहले ही इस एयरपोर्ट की खूबसूरत तस्वीरें बाहर आ गई हैं, जिन्हें देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यह हवाई अड्डा आईजीआई दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट से काफी बेहतर, बड़ा और तकनीकी रूप से समृद्ध है, आइए देखते हैं इनसाइड फोटोज…
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तस्वीरें आई सामने, देखें अंदर का शानदार नजारा.
नोएडा ही नहीं बल्कि आसपास के शहरों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन अब आ गया है. कई साल का इंतजार 28 मार्च को खत्म होने जा रहा है जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हाथों से करने जा रहे हैं. इस एयरपोर्ट को लोग जेवर एयरपोर्ट के नाम से भी जानते हैं. यह हवाई अड्डा इतना खूबसूरत है कि अगर आपने इसके अंदर की तस्वीरें देख लीं तो यकीनन आप दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट या मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल को भूल जाएंगे.
नोएडा हवाई अड्डा एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में से एक है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही यह पूरी तरह फंक्शनल होगा, एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट का खिताब भी अपने नाम कर सकता है. इसकी तमाम खासियतें, लेटेस्ट तकनीक और आधुनिक डिजाइन इसे भारत के सभी एयरपोर्ट्स से बेहतरीन बना रही है. आइए देखते हैं कि ये अंदर से कैसा दिखाई देता है.
यह एयरपोर्ट चालू होने पर करीब डेढ़ करोड़ लोगों को यात्रा की सुविधा देगा लेकिन पूरी तरह तैयार होने के बाद यह करीब 7 करोड़ लोगों को यात्रा सुविधा मुहैया कराएगा. इस एयरपोर्ट की पहली सबसे खास बात ये है कि यह आईजीआई दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट के मुकाबले ज्यादा जगह में बना है और ज्यादा खुला है. आईजीआई एयरपोर्ट सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है, जबकि मुंबई एयरपोर्ट में जगह की काफी कमी है. इसलिए यह क्षेत्रफल में दोनों से बेहतर है.
इस एयरपोर्ट की दूसरी सबसे खास बात है इसकी कनेक्टिविटी.दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों के मुकाबले इस एयरपोर्ट तक पहुंचने की कनेक्टिविटी यमुना एक्सप्रेसवे की वजह से काफी सुगम है. वहीं इस एक्सप्रेसवे को भी ईस्टर्न पेरिफेरल रोड से कनेक्ट किया गया है. ऐसे में दिल्ली सहित बाहरी राज्यों से लोग बिना दिल्ली में प्रवेश किए इस एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे.
नोएडा एयरपोर्ट पूरी तरह आधुनिक और स्मार्ट तकनीक से लैस है. इस एयरपोर्ट को सिर्फ मॉडर्न लुक ही नहीं दिया गया है, बल्कि इसकी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं. इसे पूरी तरह पेपरलेस किया गया है और डिजि यात्रा को प्रमोट करते हुए उसे और भी सरल बनाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग डिजि यात्रा का उपयोग कर अपनी जर्नी के घंटों को कम कर सकें.
इस एयरपोर्ट को काफी हरा-भरा और पर्यावरण फ्रेंडली बनाया गया है. इसकी हर एक डिजाइन पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है. यह पहला ऐसा एयरपोर्ट है जहां 100 परसेंट नेट जीरो एमिशन का लक्ष्य रखा गया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए यहां तकनीक का भरपूर सहारा लिया गया है. जबकि आईजीआई में नेट जीरो की कोशिश की गई हैं लेकिन वह पूरी तरह नहीं हैं और वहीं मुंबई एयरपोर्ट में इसकी गुंजाइश बहुत ज्यादा नहीं है.
नोएडा एयरपोर्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भविष्य में इसमें रनवे की संख्या को बढ़ाया जा सके.जबकि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डा दिल्ली और मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल में विस्तार की संभावनाएं न के बराबर हैं. नोएडा एयरपोर्ट के पास सुविधाओं को समय और जरूरत के अनुसार बढ़ाने की सुविधा होगी.
इस एयरपोर्ट पर कुछ छोटी-छोटी लेकिन यात्रियों के हिसाब से बड़ी सुविधाओं का भी बारीकी से ध्यान रखा गया है, जैसे बड़ी संख्या में सेल्फ बैगेज ड्रॉप मशीनें लगी हैं और बोर्डिंग पास भी ऑटो-स्कैन होंगे. सेल्फ बैगेज ड्रॉप सिस्टम की मदद से लगेज ड्रॉप कर सकेंगे और यात्रियों को एयरलाइन काउंटर पर खड़े होने की जरूरत नहीं होगी.
अगर किसी यात्री की फ्लाइट में देरी है या वह जल्दी पहुंच जाता है तो बहुत कम खर्च पर छोटे स्लीपिंग पॉड्स बुक कर सकता है. नोएडा एयरपोर्ट पर यूनिवर्सल चार्जिंग सुविधा होगी. यहां हर दूसरी कुर्सी के पास चार्जिंग पोर्ट और USB टाइप-C पॉइंट दिए गए हैं. पूरा एयरपोर्ट हाईस्पीड 5G जोन होगा. पहले चरण में टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल लगभग 1.38 लाख वर्गमीटर है, जिसमें 48 चेक इन काउंटर, नौ सुरक्षा जांच लेन और नौ इमिग्रेशन काउंटर बनाए गए हैं. सबसे खास बात है कि यह हवाई अड्डा दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के दबाव को कम करेगा.
About the Author

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें





