बाबू जी धीरे चलना बड़े खतरे हैं इस राह पर…लखीमपुर खीरी में गड्ढों से भरी सड़क बनी लोगों के लिए मुसीबत, यहां आए दिन होते हैं हादसे

Date:


लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में इस समय सड़कों पर निकलना दुश्वार हो गया है, जिसके कारण राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार साइकिल और मोटरसाइकिल भी पंचर हो चुकी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. जहां एक ओर प्रदेश सरकार द्वारा गड्ढा मुक्त अभियान को लेकर लाख दावे किए जा रहे हैं, वहीं ये दावे सिर्फ कागजों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं. जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं.

गोला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अलीगंज कस्बे के गौढ़ी चौराहा से हनुमान मंदिर जाने वाला संपर्क मार्ग कई वर्षों से जर्जर हो चुका है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. इसी जर्जर मार्ग पर जनता इंटर कॉलेज, प्रसिद्ध हनुमान मंदिर, विद्युत उपकेंद्र और इंडियन गैस एजेंसी स्थित हैं. रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, श्रद्धालु और आम लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की हालत खस्ता होने के बावजूद जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.

कई वर्षों से सड़क जर्जर है

मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012 में गन्ना विकास परिषद द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब यह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है और इस पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. इसके बावजूद मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

सड़क से गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण छात्र-छात्राओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

प्रशासन है मौन

हनुमान मंदिर के पुजारी सुशील कुमार शुक्ला बताते हैं कि मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आते हैं. सड़क पर गड्ढों की वजह से उन्हें काफी परेशानी होती है. उन्होंने बताया कि बीजेपी विधायक से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक इस सड़क की मरम्मत के लिए कहा गया, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया.

वहीं, स्थानीय निवासी दाताराम का कहना है कि कई वर्षों से सड़क जर्जर है और वे रोज इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं. कई बार उनकी साइकिल पंचर हो चुकी है, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related