Last Updated:
Gold Import in India : देश में सोने का आयात महंगाई के बावजूद बढ़ता ही जा रहा है. सोने की कीमत भले ही बीते एक साल में करीब दोगुनी हो गई है, लेकिन भारत का गोल्ड आयात भी 29 फीसदी बढ़ चुका है. पिछले वित्तवर्ष में देश का कुल सोने का आयात 6.5 लाख करोड़ रुपये के आसपास रहा है.
देश में सोने का आयात पिछले साल 29 फीसदी बढ़ गया है.
नई दिल्ली. बीते एक साल के आंकड़े देखें तो पता चलता है कि सोने की कीमत करीब दोगुनी बढ़ चुकी है. बावजूद इसके भारत ने गोल्ड की बंपर खरीदारी की है. वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कीमती धातुओं की ऊंची कीमतों के कारण अप्रैल-फरवरी 2025-26 में देश का सोने का आयात 28.73 फीसदी बढ़कर 69 अरब डॉलर (करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये) हो गया है. इससे पहले वित्तवर्ष 2024-25 की समान अवधि में सोने का आयात 53.52 अरब डॉलर रहा था.
आंकड़ों के मुताबिक, सोने के आयात में इस उछाल ने देश के व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) को बढ़ाकर 310.60 अरब डॉलर कर दिया है. इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 261.80 अरब डॉलर था. राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत इस समय लगभग 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के आसपास बनी हुई है. यह आंकड़ा बताता है कि सोने की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारत का आयात बढ़ता ही जा रहा है.
कहां से खरीदा सबसे ज्यादा गोल्ड
भारत के कुल सोने के आयात में स्विट्जरलैंड की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा करीब 40 फीसदी है. इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 फीसदी से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 फीसदी) का स्थान है. देश के कुल आयात में सोने की हिस्सेदारी 5 फीसदी से अधिक है. अप्रैल-फरवरी 2025-26 के दौरान स्विट्जरलैंड से होने वाला कुल आयात 11.57 फीसदी बढ़कर 23.5 अरब डॉलर रहा. फरवरी में इस देश से सोने का आयात सालाना आधार पर 719.30 फीसदी बढ़कर 2.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
कौन है सबसे बड़ा उपभोक्ता
चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्वर्ण उपभोक्ता है. यह आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए किया जाता है. सोने के बढ़ते आयात का सीधा असर भारत के चालू खाता घाटे (सीएडी) पर पड़ता है. देश में आभूषण उद्योग के अलावा सोने की डिमांड अब आरबीआई को भी रहती है. ग्लोबल मार्केट में जारी उथल-पुथल को संभालने के लिए केंद्रीय बैंक अब सोने का भंडार बढ़ा रहे हैं. इसी तर्ज पर आरबीआई ने भी गोल्ड रिजर्व बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिसका कुल आयात में बड़ा हिस्सा है.
आरबीआई में सोने का कितना भंडार
रिजर्व बैंक में सोने का भंडार लगातार बढ़ता जा रहा है, जो बीते वित्तवर्ष के आखिर तक बढ़कर करीब 880 टन पहुंच गया है. आरबीआई के रिजर्व में सोने की कुल कीमत भी 100 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर चुकी है. आरबीआई के भंडार में मौजूद कुल सोने में से करीब 512 टन तो भारत में ही मौजूद है, लेकिन 348.62 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट के पास सुरक्षित रखे हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें





