Last Updated:
Khatushyam Ji Mandir News : खाटूश्यामजी मंदिर से जुड़ा पाकिस्तान समर्थित जासूसी नेटवर्क बेनकाब, गाजियाबाद में पांच आरोपी गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, सुरक्षा कड़ी हुई. पुलिस जांच के अनुसार, कौशांबी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के पास से देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी मिली है.
खाटूश्यामजी. खाटूश्याम जी मंदिर से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय जासूसी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है. गाजियाबाद पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की संवेदनशील फोटो, वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजे जाने की पुष्टि हुई है. इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं.
पुलिस जांच के अनुसार, कौशांबी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के पास से देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी मिली है. इनमें खाटूश्यामजी मंदिर के अलावा रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों के वीडियो और फोटो भी शामिल हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को पाकिस्तान से ऑनलाइन ट्रेनिंग, फंडिंग और निर्देश मिल रहे थे और यह जानकारी कथित तौर पर आतंकी संगठनों तक पहुंचाई जा रही थी.
मंदिरों की रेकी कर भेजी जा रही थी जानकारी
जानकारी के अनुसार, आरोपियों द्वारा देशभर के लगभग दर्जनों संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की योजना भी बनाई जा रही थी. इन स्थानों की रेकी कर उनकी पूरी जानकारी पाकिस्तान भेजी जा रही थी. फिलहाल पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे होने की संभावना है.
खाटूश्यामजी में सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी
इस घटना के बाद खाटूश्यामजी में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. मंदिर परिसर, आसपास के बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच की जा रही है, साथ ही मकान मालिकों को किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं. आपको बता दें कि इससे पहले भी खाटूश्यामजी क्षेत्र में फरार अपराधियों के छिपने के मामले सामने आ चुके हैं. हाल ही में मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में हुए चर्चित हत्याकांड के आरोपी को रींगस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था, जो खाटूश्यामजी में शरण लेने जा रहा था.
संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी
उप पुलिस अधीक्षक राव आनंद ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं. इसके अलावा खाटूश्याम जी व्यापार मंडल ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है. व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष गिरिराज माटोलिया ने बताया कि खाटूश्यामजी में बाहर से आने वाले व्यापारियों व अन्य काम करने वाले लोगों का सत्यापन किया जाना चाहिए. इसके अलावा मंदिर में भी सुरक्षा व्यवस्था को और सुव्यवस्थित करने की जरूरत है. खाटूश्यामजी मंदिर में लगातार भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, ऐसे में छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
About the Author
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें




