Last Updated:
Mata Vaishno Devi Shrine: देश और दुनिया से हजारों-लाखों की तादाद में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचते हैं. भक्तों की बड़ी तादाद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं. नवरात्र के समय भक्तों की संख्या काफी बढ़ जाती है, जिन्हें कंट्रोल करना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है.
माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा रविवार को फिर से शुरू हो गई है. (फाइल फोटो/PTI)
जम्मू. माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा रविवार को फिर से शुरू हो गई, जिसे भारी भीड़ के चलते अस्थायी रूप से रोक दिया गया था. अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और भवन क्षेत्र में अत्यधिक दबाव को देखते हुए शनिवार को एहतियातन यह निर्णय लिया गया था. अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर तक करीब 39,000 श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए थे, जिसके कारण भवन परिसर में भीड़ का स्तर काफी बढ़ गया. इसी स्थिति को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित किया गया था.
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं. यह पर्व 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा. नवरात्र के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ भक्त त्रिकुटा पहाड़ियों की घुमावदार चढ़ाई तय करते नजर आए. एक श्राइन बोर्ड अधिकारी ने बताया कि “भवन में भीड़ कम होने के बाद यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है और कटरा में पंजीकरण प्रक्रिया भी बहाल कर दी गई है.” कटरा स्थित आधार शिविर पर रविवार सुबह से ही पंजीकरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं.
नवरात्र में भक्तों की भारी भीड़
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं, जबकि 5,000 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण के बाद मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं. यात्रा मार्ग पर भी भक्तों की लगातार आवाजाही बनी हुई है. श्राइन परिसर को इस दौरान विशेष रूप से सजाया गया है. रंग-बिरंगे फूलों की सजावट और बहुरंगी रोशनी से मंदिर परिसर आकर्षक दिखाई दे रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य अनुभव मिल रहा है.
नवरात्र के मौके पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है. (फाइल फोटो/PTI)
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. कटरा बेस कैंप से लेकर भवन तक के पूरे मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है. इसी बीच शत चंडी महायज्ञ का आयोजन भी गुरुवार से शुरू हो चुका है, जो चैत्र नवरात्रि 2026 के शुभारंभ का प्रतीक माना जाता है. इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था चरम पर देखने को मिल रही है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें




