Kisan Sarathi App: खेती-किसानी में अब दफ्तरों के चक्कर काटने का दौर खत्म होने वाला है. बेगूसराय सहित बिहार के किसानों के लिए अब कृषि विज्ञान केंद्र उनकी हथेली पर सिमट आया है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा लॉन्च किया गया Kisan Sarathi ऐप किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. जो उन्हें सीधे देश के चोटी के वैज्ञानिकों से जोड़ता है. कृषि विज्ञान केंद्र बेगूसराय के वरीय वैज्ञानिक डॉ. विपिन कुमार के अनुसार अब किसानों को फसल में कीट लगने या पशुओं के बीमार होने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है. किसान बस समस्या की फोटो खींचकर इस ऐप पर अपलोड करेंगे. संबंधित जिले के विशेषज्ञ या ICAR के वैज्ञानिक तुरंत उसका सटीक समाधान भेजेंगे. मिट्टी की सेहत से लेकर उन्नत बीजों के चयन तक, हर जानकारी अब मोबाइल पर उपलब्ध है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस डिजिटल तकनीक से न केवल फसल का नुकसान कम होगा. बल्कि लागत में कमी और पैदावार में भारी बढ़ोतरी होगी. अगर आप भी बेगूसराय के प्रगतिशील किसान हैं, तो आज ही अपने फोन में इस ‘डिजिटल ढाल’ को जगह दें.





