Last Updated:
MI vs RCB Highlights: आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की. अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का खराब प्रदर्शन देखने को मिला, जिसका उसे खामियाजा उठाना पड़ा. मुंबई की यह लगातार तीसरी हार है.
आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को हराया.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में डिफेंडिंग चैंपियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को धूल चटाकर जीत की लय हासिल कर ली है. वानखेड़े स्टेडियम में हुए सीजन के 20वें मुकाबले को आरसीबी ने 18 रन से नाम किया. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने रजत पाटीदार, फिल सॉल्ट की तूफानी अर्धशतकीय पारियों से चार विकेट के नुकसान पर 240 रन का विशाल स्कोर बनाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई पूरे ओवर खेलकर 222 रन तक ही पहुंच सकी. मुंबई के लिए रोमारियो शेफर्ड ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जमाया, लेकिन टीम की जीत के लिए यह काफी नहीं था. मुंबई की यह लगातार तीसरी हार है, जिससे टीम अंकतालिका में स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, आरसीबी ने टूर्नामेंट में तीसरा मुकाबला नाम किया है.
मुंबई को मिली अच्छी शुरुआत
आरसीबी से मिले 241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही. रेयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी. हालांकि, हैमस्ट्रिंग में खिंचाव होने के कारण रोहित 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए और दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे. उनके मैदान से बाहर जाने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई. रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 3 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 22 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए. तिलक वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक ही बना पाए.
आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को हराया.
अकेले लड़ते रहे रदरफोर्ड
हार्दिक पांड्या ने कुछ दमदार शॉट्स खेले और वह 22 गेंदों में 40 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने. हार्दिक ने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. नमन धीर एक रन ही बना सके. शेरफेन रदरफोर्ड ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. रदरफोर्ड ने अंत तक बल्लेबाजी की और आरसीबी के गेंदबाजों में खलबली जरूर मचाई, लेकिन तब तक मुंबई के हाथ मुकाबला फिसल चुका था. रदरफोर्ड ने अपनी इस पारी में एक चौका और 9 छक्के लगाए. सैंटनर 8 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में आरसीबी की ओर से सुयश शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि जैकब डफी ने एक विकेट अपने नाम किया.
वानखेड़े में आया सॉल्ट-पाटीदार का तूफान
इससे पहले टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 240 रन बनाए. फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी निभाई. कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, तो सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली. साल्ट ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए. कप्तान रजत पाटीदार बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 20 गेंदों में 53 रन बनाए.
टिम डेविड ने भी की कुटाई
अंत के ओवरों में टिम डेविड ने सिर्फ 16 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 34 रन बनाए, जबकि जितेश शर्मा 10 रन ही बना सके. मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी खराब रही. ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पंड्या, मिचेल सैंटनर और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट जरूर चटकाया, लेकिन रनों पर अंकुश नहीं लगा सके. मयंक मारकंडे ने दो ओवर में 40 रन लुटा दिए. बोल्ट ने चार ओवर में 50 रन दिए. सैंटनर और शार्दुल ने भी 10 से ऊपर की इकॉनमी से रन खर्चे. हार्दिक और जसप्रीत बुमराह ही टीम के दो ऐसे गेंदबाज रहे, जिनकी इकॉनमी 10 से नीचे की रही.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


