वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम का उलटफेर लगातार देखने को मिल रहा है. आंधी, बारिश और वज्रपात के बाद अब फिर यूपी में मौसम यूटर्न लेगा. भारतीय मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है. आईएमडी की ओर से ताजा अपडेट के मुताबिक, प्रदेश के अलग अलग जिलों में फिर तापमान में उछाल आएगा. अगले 24 घण्टे में कुछ शहरों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. उसके बाद अगले 6 दिनों में अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. इस उछाल के बाद आसमान से आग बरसेगी.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 9 अप्रैल को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग ने आसमान साफ होगा.इस दौरान सभी जिलों में धूप खिली होगी.फिलहाल मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए कोई चेतावनी नहीं जारी की है. 10 अप्रैल को भी प्रदेश के सभी जिलें ग्रीन जोन में है. 11 अप्रैल को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है.
कानपुर से सहारनपुर तक ऐसा होगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है गुरुवार को अलीगढ़, आगरा,मथुरा, हाथरस,एटा ,फिरोजाबाद, मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, बरेली,कानपुर, हमीरपुर, इटावा, जालौन, बांदा, चित्रकुट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर, हरदोई, फिरोजाबाद, उन्नाव, सहारनपुर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, महोबा, झांसी, ललितपुर, वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, देवरिया, सीतापुर, मिर्जापुर, सोनभद्र,जौनपुर, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर और आसपास के जिलों में आसमान साफ होगा और धूप भी खिली रहेगी. इस जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं गोरखपुर, कुशीनगर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज में छिटपुट बादल नजर आ सकते हैं.
लखनऊ में 24 घण्टे बाद अचानक बढ़ेगा पारा,नोएडा में ऐसा होगा मौसम
गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छिटपुट बादल नजर आ सकते हैं. हालांकि, आज यहां मौसम सामान्य रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान है अगले 24 घण्टे बाद अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. बताते चलें कि लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी आसमान साफ होगा और दिन की शुरुआत के साथ धूप खिली रहेगी. नोएडा में न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.आने वाले दिनों में इसमें थोड़ा उछाल भी आएगा.
लगातार बढ़ेगा तापमान
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 11 अप्रैल से प्रदेश के अलग अलग जिलों में तापमान में तेजी से उछाल आएगा. तापमान चढ़ने के साथ ही चिलचिलाती गर्मी यूपी वालों को खूब सताएगी. ये दौरान लगातार जारी रहेगा.


