Last Updated:
केंद्रीय मंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर टिप्पणी की. रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘सीएम मान जिस दिन केजरीवाल की बात सुनना बंद करेंगे. उस दिन भगवंत मान का हाल भी कुछ राघव चड्ढा जैसा ही होगा.’ पंजाब के किसी व्यक्ति को राज्यसभा सांसद नहीं बनाया गया. राघव चड्ढा के बीजेपी में जाने पर भी बिट्टू ने जवाब दिया.
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर संसद में अहम मुद्दों से बचने का आरोप लगाया है. (फाइल फोटो)
लुधियाना. आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से सांसद राघव चड्ढा को हटाए जाने पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि एटीएम के तौर पर राघव चड्ढा की भूमिका अब खत्म हो गई है. लुधियाना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब से पैसे इकट्ठा करके केजरीवाल को देने की राघव चड्ढा की क्षमता अब समाप्त हो चुकी है. अब केजरीवाल का सीधा संपर्क है.
उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के लिए एक ‘एटीएम’ की तरह काम करते थे और अलग-अलग मामलों में अरविंद केजरीवाल के लिए फंड जुटाते थे, लेकिन अब केजरीवाल ने एटीएम के बजाय एक बैंक ढूंढ लिया है. बिट्टू ने कहा कि उन्होंने राघव चड्ढा को पहले ही चेतावनी दी थी. उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सीएम मान जिस दिन केजरीवाल और उनकी टीम की बात सुनना बंद कर देंगे, उनका हाल भी कुछ ऐसा ही होगा.
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के किसी व्यक्ति को सांसद बनाने के बजाय, ऐसे व्यक्ति को सांसद बनाया जो पंजाब का नहीं है, इसलिए ऐसा होना ही था. अगर कोई व्यक्ति सचमुच पंजाब का नहीं हो सकता तो वह आपकी पार्टी का कैसे हो सकता है. राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा सबसे पहले तो राज्यसभा का कार्यकाल पूरा करेंगे. इसके बाद तय करेंगे कि उन्हें राजनीति में रहना या फिर दूसरा कोई विकल्प लेना है.
राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने एक वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं. उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. चड्ढा ने बताया कि उन्होंने हमेशा आम जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाया है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर महंगे खाने का मुद्दा हो, या फिर ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जैसे स्विग्गी और जोमैटो के डिलीवरी कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं – इन सभी विषयों को उन्होंने गंभीरता से उठाया. इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर में आ रही दिक्कतें और टोल प्लाजा पर आम लोगों को हो रही परेशानियों को भी उन्होंने संसद में बार-बार उठाया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें




