राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ तलवार खींच ली है. राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें ‘खामोश कराया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं.’ उन्होंने इस वीडियो मैसेज में कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का मौका मिला, उन्होंने हमेशा आम लोगों के मुद्दे उठाए, लेकिन अब उनके बोलने पर ही रोक लगाने की कोशिश की जा रही है.राघव चड्ढा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जनता के मुद्दे उठाना गलत है? उन्होंने कहा कि उन्होंने संसद में ऐसे कई मुद्दे उठाए जो सीधे आम आदमी से जुड़े हैं, लेकिन शायद यही बात कुछ लोगों को पसंद नहीं आई. उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में उनके बोलने को लेकर पार्टी की ओर से राज्यसभा सचिवालय को सूचना दी गई कि उन्हें बोलने का मौका न दिया जाए. इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि आखिर उनकी आवाज को दबाने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है.चड्ढा ने अपने भाषणों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एयरपोर्ट पर महंगे खाने से लेकर मिलावट, टोल प्लाजा पर वसूली, बैंक चार्जेज, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, टेलीकॉम कंपनियों की नीतियों और डिलीवरी राइडर्स की समस्याओं जैसे मुद्दे संसद में उठाए. उनका कहना था कि इन मुद्दों से आम जनता को फायदा हुआ, लेकिन यह समझ से परे है कि इससे पार्टी को क्या नुकसान हुआ. उन्होंने कहा कि वे हमेशा आम आदमी की आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे. उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जनता से मिले प्यार और समर्थन ने उन्हें हमेशा मजबूत बनाया है. अपने संदेश में उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, ‘मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना. मैं वो दरिया हूं जो रुकता नहीं है.’
Source link
राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खींच दी तलवार, AAP की टेंशन बढ़ाने वाला आया वीडियो
Date:





