RR vs MI Highlights: आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया. यह राजस्थान की सीजन में लगातार तीसरी जीत है और टीम 6 अंक के साथ तालिका में टॉप पर पहुंच गई है. बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे और 40 मिनट की देरी से शुरू किया, जिसके कारण इसे 11-11 ओवर का कर दिया गया. रॉयल्स के 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम शुरुआत से ही लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी और 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी.
RR vs MI Live Score: राजस्थान ने 27 रन से जीता मैच
राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले को 27 रन से अपने नाम कर लिया है. 150 रन बोर्ड पर लगाने के बाद राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने दमदार गेंदबाजी करते हुए मुंबई को 123 रन तक ही पहुंचने दिया. मुंबई से खराब बॉलिंग के बाद बैटिंग का ही यही हाल देखने को मिला, जिसका खामियाजा उन्हें उठाना पड़ा. यशस्वी जायसवाल को 77 रन की नाबाद पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
RR vs MI Live Score: जीत की दहलीज पर राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स की टीम जीत से एक विकेट दूर है. जोफ्रा आर्चर ने ट्रेंट बोल्ट को आउट कर मुंबई को नौवां झटका दिया. बोल्ट एक रन बनाकर आउट हुए.
RR vs MI Live Score: हार्दिक पंड्या भी आउट
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक भी पवेलियन लौट चुके हैं. उन्हें रवि बिश्नोई ने अपने जाल में फंसाया. बिश्नोई की गेंद पर सामने की ओर हार्दिक बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन कैच आउट हो गए. यशस्वी जायसवाल ने अच्छा कैच लपका. हार्दिक की 9 रन बनाकर आउट हुए.
RR vs MI Live Score: मुंबई ने गंवाया रोहित का विकेट
मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा है. टीम ने रोहित शर्मा का विकेट खो दिया है. रोहित को संदीप शर्मा ने चलता किया. वह 5 रन बनाकर आउट हुए. रोहित के आउट होने से मुंबई मुश्किल में आ गई है. तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 25/3 है. यहां से जीत के लिए मुंबई को 48 गेंदों में 126 रन बनाने होंगे.
RR vs MI Live Score: मुंबई की खराब शुरुआत, गिरे दो विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की बेहद खराब शुरुआत हुई है. टीम के पहले ओवर में रेयान रिकेल्टन और दूसरे ओवर में सूर्यकुमार यादव के बड़े विकेट खो दिए हैं. दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 21/2 है. रिकेल्टन (8) को जोफ्रा आर्चर ने चलता किया, जबकि सूर्या (6) नांद्रे बर्गर की गेंद पर आउट हुए.
RR vs MI Live Score: मुंबई को मिला 151 रन का लक्ष्य
यशस्वी जायसवाल के नाबाद 77 रन और वैभव सूर्यवंशी के तूफानी 39 रन से राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में तीन विकेट खोकर 150 रन का टोटल बोर्ड पर लगाया. मुंबई को जीत के लिए 66 गेंदों में 151 रन बनाने होंगे. यशस्वी ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं, वैभव ने 14 गेंदों में एक चौके और 5 छक्कों के साथ 39 रन की पारी खेली. रियान पराग ने 20 रन बनाए. मुंबई के लिए गजनफर ने दो विकेट चटकाए.
RR vs MI Live Score: यशस्वी की फिफ्टी, रियान 20 रन बनाकर आउट
यशस्वी जायसवाल ने एक और शानदार पारी खेलते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया है. उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जमाया है. उनके इस अर्धशतक से राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार पहुंच चुका है. 9 ओवर के बाद टीम का स्कोर 122/3 है. इस ओवर में अल्लाह गजनफर ने राजस्थान के कप्तान रियान पराग को चलता किया, जो 20 रन बनाकर आउट हुए.
RR vs MI Live Score: राजस्थान रॉयल्स का दूसरा विकेट गिरा
ध्रुव जुरेल के रूप में राजस्थान रॉयल्स ने 84 रन पर दूसरा विकेट गंवा दिया है. जुरेल दो रन बनाकर अल्लाह गजनफर का शिकार बने. यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. 6 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 89/2 है.
RR vs MI Live Score: वैभव सूर्यवंशी आउट
वैभव सूर्यवंशी 39 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हो गए हैं. इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला विकेट भी गंवा दिया. 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने उन्हें कैच आउट करा दिया. वैभव ने इस ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया था. वैभव ने 14 गेंदों में 5 छक्के और एक चौके के साथ 39 रन की विस्फोटक पारी खेलकर राजस्थान को जबरदस्त शुरुआत दिलाई.
RR vs MI Live Score: राजस्थान की विस्फोटक शुरुआत
यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स को विस्फोटक शुरुआत दिलाई है. मुंबई के लिए पहला ओवर लेकर आए दीपक चाहर के ओवर में जायसवाल ने 22 रन कूटे. चार चौके और एक छक्के के साथ जायसवाल ने पहले ही ओवर को बड़ा बनाया.
RR vs MI Live Score: वैभव सूर्यवंशी ने बुमराह की पहली गेंद पर जड़ा छक्का
वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर तहलका मचा दिया. पारी का दूसरा ओवर लेकर लेकर आए बुमराह की पहली ही गेंद पर वैभव ने शानदार शॉट खेलकर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया. इस ओवर में वैभव के बल्ले से दो छक्के देखने को मिले. बुमराह के इस ओवर में 14 रन आए, जिससे राजस्थान रॉयल्स का दो ओवर के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान पर 36 रन हो गया है.
RR vs MI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11
राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा.
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
IPL Match Today Live Score: मुंबई इंडियंस ने जीता टॉस, राजस्थान की पहले बैटिंग
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. मुंबई इंडियंस की टीम दो बदलाव के साथ यह मैच खेल रही है. हार्दिक पंड्या और ट्रेंट बोल्ट की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है.
IPL Match Today Live Score: 9.55 पर टॉस, 10.10 पर शुरू होगा मुकाबला
बारिश के चलते ओवरों में कटौती हुई है. यह मुकाबला अब 11-11 ओवर का खेला जाएगा. 9.55 बजे टॉस होगा, जबकि मैच की पहली गेंद 10.10 बजे फेंकी जाएगी. पावरप्ले 3.2 ओवर का रहेगा.
RR vs MI Live Score: बारिश थमी, जल्द हो सकता है टॉस
गुवाहाटी से अच्छी खबर आई है. बारिश रुक चुकी है और मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं. खिलाड़ी मैदान पर वार्मअप के लिए उतर चुके हैं. ये संकेत हैं कि जल्द ही मुकाबले का टॉस हो सकता है. दोनों टीमों के कप्तान भी मैदान पर मौजूद हैं. देखना यह होगा कि मुकाबला कितने ओवर्स का होगा.
IPL Match Today Live Score: गुवाहाटी में नहीं थम रही बारिश
गुवाहाटी से फैंस के लिए बुरी खबर रही है. बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है. इसका मतलब यह कि टॉस के लिए और इंतजार करना पड़ेगा. मुंबई इंडियंस ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें बिजली कड़कती नजर आ रही है. फिलहाल मुकाबला शुरू होने के बिल्कुल आसार नजर नहीं आ रहे हैं.
Rajasthan vs Mumbai Live Score: फिर शुरू हुई बारिश, टॉस का इंतजार बढ़ा
थोड़ी देर के लिए बारिश थम गई थी, लेकिन फिर शुरू हो चुकी है. मैदान को फिर से कवर्स से ढक दिया गया है. बता दें कि अभी तक मुकाबले का टॉस तक नहीं हो सका है. तय समय के हिसाब से 7 बजे टॉस होना था. देखना होगा कि आगे मौसम का क्या रुख रहने वाला है. दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, रोमांचक मुकाबले की उम्मीद लेकर आए फैंस भी इसी आस में हैं कि बारिश थमे और मुकाबला शुरू हो.
RR vs MI Live Scorecard: बारिश के चलते टॉस में देरी
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के चलते टॉस में देरी हो रही है. फिलहाल कितने बजे टॉस होगा इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पूरी संभावना है कि मुकाबला भी देरी से शुरू होगा.
IPL Match Today Live Score: बारिश को लेकर लेटेस्ट अपडेट
गुवाहाटी से मौसम को लेकर लेटेस्ट अपडेट आया है. बारिश तो थम गई है, लेकिन मैदान अभी भी पूरी तरह से कवर्स से ढका हुआ है और आसमान में काले बादल छाए हुए हैं. टॉस में अब सिर्फ आधे घंटे दूर है, लेकिन खराब मौसम की वजह से मैच शुरू होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. मैदानकर्मी पूरी तरह अलर्ट पर हैं और स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं. हालांकि फैंस को उम्मीद है कि मैच समय पर शुरू होगा, लेकिन बादलों के तेवर देख कर लग रहा है कि खेल शुरू होने में देरी हो सकती है.
RR vs MI Live Scorecard: जसप्रीत बुमराह वर्सेस वैभव सूर्यवंशी
इस मैच में एक बहुत ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है, जहां युवा जोश और अनुभव के बीच टक्कर होगी. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बैटिंग से सबका दिल जीता है. अपनी कम उम्र के बावजूद उन्होंने अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर बल्लेबाजी की है. वैभव के सामने आज असली चुनौती जसप्रीत बुमराह होंगे. अपनी सटीक यॉर्कर और बेहतरीन कंट्रोल के लिए मशहूर बुमराह किसी भी बल्लेबाज के लिए काल साबित होते हैं. ऐसे में आज यह जंग देखने लायक होगी.


