Last Updated:
Delhi Capitals vs Gujarat Titans Highlights: गुजरात की ओर से रखे गए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स टीम अपने घर में 209 रन बना सकी. गुजरात को आखिरी गेंद पर जीत मिली. दिल्ली की यह दिल तोड़ने वाली हार रही. डेविड मिलर को यकीन नहीं हुआ कि उनकी टीम हार गई. गुजरात की इस सीजन यह पहली जीत है जबकि दिल्ली की तीन मैचों में यह पहली हार है.
गुजरात ने आखिरी गेंद पर जीता मैच.
नई दिल्ली. गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए इस मुकाबले का अंत किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं रहा. पारी के अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रन की दरकार थी और स्ट्राइक पर डेविड मिलर मौजूद थे. प्रसिद्ध कृष्णा ने दबाव के क्षणों में अपनी चतुराई दिखाते हुए एक धीमी गति की शॉर्ट पिच गेंद फेंकी. मिलर ने इस पर पुल शॉट मारने का प्रयास किया लेकिन वह पूरी तरह चूक गए. गेंद विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में गई, लेकिन मैच बचाने की जद्दोजहद में मिलर और कुलदीप यादव रन के लिए दौड़ पड़े. बटलर ने बिना कोई गलती किए फुर्ती से स्ट्राइक एंड पर थ्रो मारकर कुलदीप यादव को रन आउट कर दिया.
मैदान पर असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब अंपायर ने इस गेंद की ऊंचाई की जांच की. अगर यह ‘नो बॉल’ या ‘वाइड’ करार दी जाती, तो दिल्ली के पास वापसी का मौका होता. तीसरे अंपायर ने रिप्ले देखा और पाया कि जब गेंद मिलर के पास से गुजरी, तब वह अपने पंजों पर खड़े थे और गेंद उनके सिर के नीचे से निकली थी. आखिरकार अंपायर ने इसे वैध गेंद करार दिया और इसी के साथ गुजरात टाइटंस ने सांस रोक देने वाले इस मुकाबले को महज 1 रन से जीत लिया. कुलदीप यादव डाइव लगाने के बावजूद क्रीज से दूर रह गए और उनकी यह कोशिश दिल्ली को जीत की दहलीज पार नहीं करा सकी.
गुजरात ने आखिरी गेंद पर जीता मैच.
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल और पथुम निसंका की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की. निसंका को प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट कर दिल्ली को पहला झटका दिया. निसंका 41 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दिल्ली ने नितीश राणा और समीर रिज्वी के विकेट बैक टू बैक दो गेंदों पर गंवा दिए. राशिद खान ने इन दोनों को दो गेंदों पर आउट किया. अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए. राशिद ने अक्षर को अपना तीसरा शिकार बनाया. केएल राहुल को सिराज ने आउट किया. राहुल ने 92 रन की शानदार पारी खेली.
कप्तान शुभमन गिल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात टाइटंस ने चार विकेट पर 210 रन बनाए. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने बारिश और बादलों को देखते हुए टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. मांसपेशी में ऐंठन से उबरकर वापसी करने वाले गिल ने 45 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाए जबकि जोस बटलर ने 27 गेंद में 52 और सुंदर ने 32 गेंद में 55 रन बनाए. दिल्ली के लिए लुंगी एनगिडि ने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दो विकेट मिले लेकिन उन्होंने चार ओवर में 55 रन दे डाले. भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया.
गुजरात के लिए भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज साइ सुदर्शन ने अच्छी शुरूआत की और पहली ही गेंद पर मुकेश कुमार को स्ट्रेट चौका लगाया. वहीं अगले ओवर की पहली गेंद पर एनगिडि को कवर में चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किए. सुदर्शन हालांकि अगले ओवर में मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए और 19 के स्कोर पर गुजरात ने पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद से बटलर ने अपने पुराने फॉर्म की झलक देते हुए गुजरात की रनगति को अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से आगे बढाना जारी रखा. उन्होंने मुकेश का स्वागत स्ट्रेट में छक्का लगाकर किया. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिए आए लेकिन पहली गेंद पर बटलर ने चौका लगाया और अगली गेंद को लांग आन सीमारेखा के पार पहुंचा दिया.
अक्षर के पहले ओवर में 13 रन बने. बटलर ने पांचवें ओवर में मुकेश को खासी नसीहत देते हुए तीन छक्के और एक चौके के साथ 23 रन निकाले. स्ट्रेट और लांग आन में छक्के के साथ उन्होंने गुजरात के पचास रन 4.2 ओवर में पूरे किए. पावरप्ले के छह ओवर में गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था. बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा दूसरे छोर से देख रहे गिल को स्ट्राइक नहीं मिलने का मलाल नहीं रहा होगा. इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अक्षर की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे. इस साझेदारी को खतरनाक होती देख अक्षर ने अपने सबसे होनहार गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद सौंपी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया. कलाई के इस स्पिनर की नीची गेंद पर बटलर (27 गेंद में 52 रन ) चकमा खाकर बोल्ड हो गए. गुजरात के बल्लेबाज सातवें से दसवें ओवर के बीच 33 रन ही बना सके और एक विकेट भी गंवाया. दस ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 101 रन था.
दिल्ली के लिए 12वां ओवर भी काफी महंगा साबित हुआ जिसमें 23 रन बने. पहले वॉशिंगटन सुंदर ने डीप मिडविकेट के ऊपर से विपराज निगम को छक्का लगाया. इसके बाद गिल ने गेंदबाज के सिर से ऊपर से गेंद को सीमा पार भेजा. गिल ने 15वें ओवर में एनगिडि को डीप स्क्वेयर लेग में चौका लगातर अपना अर्धशतक पूरा किया. कुलदीप 17वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिए आए जिन्होंने पहली गेंद लेग स्टम्प के बाहर शॉर्ट डाली जिस पर गिल ने जबर्दस्त पुल शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर छक्का लगाने के बाद चौथी गेंद पर अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़ा. इस बीच गिल और सुंदर ने तीसरे विकेट के लिये 56 गेंद में सौ रन की साझेदारी पूरी कर ली. गिल की पारी का अंत एंगिडि ने किया जब गुजरात का स्कोर 183 रन था. वह ऑफ स्टम्प से बाहर जाती फुल लैंग्थ गेंद पर मिड आफ में नीतिश राणा को कैच दे बैठे. सुंदर ने नटराजन को 19वें ओवर में स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया. लेकिन आखिरी ओवर में वह मुकेश की गेंद पर राणा को कैच देकर लौटे. उन्होंने 31 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


