Last Updated:
वेणुगोपाल ने केरल के सीएम पिनाराई विजयन पर तीखा प्रहार किया. वेणुगोपाल ने कहा कि विजयन पिछले दो दिन से प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं. इन कांफ्रेंस में उनका एकमात्र टारगेट राहुल गांधी हैं. केरल की पब्लिक राहुल गांधी से बहुत ज्यादा प्रभावित है. सीएम इसी बात से डरे हुए हैं और लगातार उन पर हमले कर रहे हैं.
कांग्रेस ने पिनाराई विजयन पर हमला बोला. (फाइल फोटो)
वायनाड. कांग्रेस नेता के. सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन राज्य में राहुल गांधी के प्रभाव से भयभीत हैं और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोल रहे. वेणुगोपाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री पिछले दो दिन से अपने संवाददाता सम्मेलनों में राहुल गांधी लगातार पर हमला कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “वह (पिनाराई विजयन) जानते हैं कि केरल की जनता (राहुल) गांधी से कितना प्रभावित है इसलिए वह उनसे घबराए हुए हैं और जब वह लगातार गांधी पर निशाना साध रहे हैं तो उन्हें (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी के खिलाफ भी कुछ तो कहना चाहिए.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि विजयन मोदी के खिलाफ इसलिए नहीं बोल रहे हैं क्योंकि उन्होंने केंद्र के साथ पीएम-श्री योजना और श्रम संहिताओं पर समझौते किए हैं.
वेणुगोपाल ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन समेत अन्य मुख्यमंत्री अपने राज्यों की मांगों को मजबूती से उठा रहे हैं, निधि हासिल कर रहे हैं और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन केरल के मुख्यमंत्री का ध्यान केवल राहुल गांधी को निशाना बनाने पर केंद्रित है. उन्होंने कहा, “केरल की जनता जानती है कि राहुल गांधी कौन हैं.”
पत्तनमथिट्टा में एक समर्थक से जुड़ी कथित घटना का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और उसके नेता विजयन की तरह जनता के खिलाफ कठोर भाषा का इस्तेमाल नहीं करेंगे. वेणुगोपाल ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा को सत्ता से बाहर करने के लिए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) एकजुट है.
उन्होंने कहा कि अगर यूडीएफ सत्ता में आती है तो वायनाड में 2024 के भूस्खलन पीड़ितों के लिए घरों का निर्माण पूरा किया जाएगा, जैसा कि कांग्रेस ने वादा किया है. उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि चार मई को परिणाम घोषित होने पर यूडीएफ वायनाड की सभी सीट पर भारी जीत दर्ज करेगा.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें




