Last Updated:
पीएम मोदी ने 9 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के लिए खास निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि वोटिंग के दिन हर परिवार से संपर्क करना बहुत जरूरी है. हमारे प्रयास उस दिन और भी ज्यादा मजबूत होने चाहिए. यही वह खास समय है जब आपका काम सबसे ज्यादा मायने रखता है.
पीएम मोदी ने केरल के भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से बात की.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से कहा कि तिरुवनंतपुरम में स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को मिली सफलता नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के लिए बढ़ते समर्थन की लहर को दर्शाती है. पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुए संवाद में कहा कि यह स्पष्ट है कि इस बार केरल न केवल एक नयी सरकार, बल्कि एक नयी व्यवस्था भी चुनने जा रहा है.
उन्होंने कहा, “इस चुनाव में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लहर है. तिरुवनंतपुरम ने एक नयी मिसाल कायम की है. अब तक वाम दलों और कांग्रेस दोनों का मानना था कि कुशासन या कुप्रबंधन की परवाह किए बिना वे बारी-बारी से सत्ता में आ सकते हैं. हालांकि, तिरुवनंतपुरम ने इस धारणा को चकनाचूर कर दिया है.”
पीएम मोदी ने कहा, “नतीजतन, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) अब एक-दूसरे पर हमले करने के बजाय भाजपा को निशाना बना रहे हैं… लोग यूडीएफ और एलडीएफ द्वारा की जा रही लूट से तंग आ चुके हैं.” संवाद में प्रधानमंत्री ने मौके पर खरा उतरने के महत्व को रेखांकित किया और इस बाबत केरल के क्रिकेट खिलाड़ी संजू सैमसन का उदाहरण दिया.
पीएम मोदी ने कहा, “हम अक्सर संजू सैमसन के प्रदर्शन में यह देखते हैं. विश्व कप के दौरान, जब टूर्नामेंट अपने निर्णायक नॉकआउट चरणों में पहुंचा, तो उनका प्रदर्शन चरम पर था. शुरू से अंत तक, उनका ध्यान, आत्मविश्वास और जोश लगातार बढ़ता गया-जो एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है. एक महान खिलाड़ी हमेशा तब बेहतरीन प्रदर्शन करता है, जब उसकी टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है.”
उन्होंने कहा, “इसी तरह, मतदान के दिन हर परिवार से संपर्क स्थापित करने के हमारे प्रयास और भी मजबूत होने चाहिए. यही वह समय है, जब आपका समर्पण सबसे अधिक मायने रखता है. सफलता सुनिश्चित करने के लिए आपको अतिरिक्त समय देने की जरूरत पड़ सकती है.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें





