गर्मी शुरू होते ही घरों में फ्रिज की जरूरत बढ़ जाती है. अगर आप नया फ्रिज खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसे समझदारी से चुनना जरूरी है. फ्रिज खरीदते समय सबसे पहले अपनी जरूरत और परिवार के सदस्यों की संख्या पर ध्यान देना चाहिए, न कि सिर्फ डिजाइन पर. छोटे परिवार (2 से 4 सदस्य) के लिए सिंगल डोर फ्रिज बेहतर होता है. यह किफायती होता है, कम बिजली खपत करता है और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त होता है. इसकी कीमत आमतौर पर 10 से 12 हजार रुपये के बीच होती है. वहीं, बड़े परिवार (5 या उससे ज्यादा सदस्य) के लिए डबल डोर फ्रिज सही विकल्प है. इसमें ज्यादा स्टोरेज, अलग फ्रीजर और बेहतर कूलिंग मिलती है, जिससे खाना लंबे समय तक सुरक्षित रहता है. आजकल कन्वर्टिबल फ्रिज भी काफी लोकप्रिय हो रहे हैं. इसमें जरूरत के अनुसार फ्रीजर को फ्रिज में बदला जा सकता है, जिससे स्टोरेज का बेहतर उपयोग होता है. फ्रिज खरीदते समय बजट, परिवार का आकार, बिजली की खपत और अपनी जरूरत का ध्यान रखना जरूरी है.






