Last Updated:
Palm Sunday celebration : सिरोही के आबूरोड स्थित होली नेम ऑफ जीसस कैथोलिक चर्च में खजूर इतवार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. खजूर की डालियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई और विशेष प्रार्थना हुई. इस पर्व के साथ पवित्र सप्ताह की शुरुआत हुई, जिसमें श्रद्धालुओं को विश्वास, त्याग और उपवास का संदेश दिया गया.
सिरोही : ईसाई समुदाय में ईस्टर पर्व से एक सप्ताह पूर्व खजूर इतवार का पर्व मनाया जाता है इस दिन खजूर के पत्तों और डालियों का विशेष महत्व होता है. इन डालियों के साथ विशेष पूजा और शोभायात्रा भी निकाली जाती है. जो शहर में आकर्षण का केंद्र रहती है. सिरोही जिले के सबसे पुराने चर्च में से एक आबूरोड रेलवे कॉलोनी स्थित होली नेम ऑफ जीसस कैथोलिक चर्च में खजूर इतवार मनाया गया.
पर्व के बारे में चर्च के फादर जोजो ने बताया कि ईस्टर के पहले आने वाले रविवार से पवित्र सप्ताह की शुरुआत होती है. इस दिन खजूर इतवार यानी पाम संडे मनाया जाता है. यह प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम में विजयपूर्ण प्रवेश की याद में मनाया जाता है.
खजूर की डालियों का इसलिए है धार्मिक महत्व
इस दिन यरूशलेम में प्रभु यीशु मसीह का लोगों ने खजूर की डालियां बिछाकर उनका स्वागत किया था. इसी वजह से खजूर की डालियों के साथ ये पर्व मनाया जाता हैं. समुदाय के लोग इस दिन चर्च में खजूर की डालियां लाते हैं, जिन्हें आशीर्वाद दिया जाता है और इन्हें पवित्र माना जाता है. खजूर की डालियों को शांति का प्रतीक माना जाता हैं.
लोगों ने खजूर की डालियों के साथ निकाली शोभायात्रा
चर्च में ईसाई धर्मावलंबियों ने खजूर की डालियों के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली. जो प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की स्मृति में निकाली जाती हैं. इसमें कैथोलिक चर्च के अलावा सीएनआई चर्च व अन्य चर्च के श्रद्धालुओं ने भाग लिया. फादर जोजो, फादर राजेश मखवाना एवं फादर जोशी के नेतृत्व में खजूर की डालियों के साथ शोभायात्रा से आस्था, एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया. इसके बाद चर्च पहुंचने के बाद हुई विशेष प्रार्थना में फादर जोजो ने पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया.
खजूर इतवार पर दिया विश्वास और त्याग का संदेश
वहीं फादर जोशी ने पवित्र बाइबल से प्रवचन दिया. उन्होंने खजूर इतवार के महत्व को स्पष्ट करते हुए श्रद्धालुओं को विनम्रता, त्याग एवं अटूट विश्वास के साथ पवित्र सप्ताह में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर फादर जोजो ने सभी श्रद्धालुओं से पवित्र सप्ताह के दौरान विशेष रूप से उपवास रखने का आग्रह किया. आगामी दिनों में माउंडी थर्सडे (पुण्य गुरुवार) एवं गुड फ्राइडे के अलावा ईस्टर का आयोजन होगा.
About the Author
A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at News18 India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें





