Last Updated:
भारतीय सेना में सुदर्शन चक्र चलाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्हें सेना के उप प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी कमान में भी नए कमांडर नियुक्त किए गए हैं.
Lt जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का उप प्रमुख नियुक्त किया गया है.
Indian Army: भारतीय सेना में सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाल चुके लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. जम्मू और कश्मीर में तैनाती के दौरान पाकिस्तान के दांत खट्टे करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का उप प्रमुख बनाया गया है. इसके साथ ही पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी कमान में भी नए जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ की नियुक्ति की गई है.
पीवीएसएम, यूवाईएसएम और एवीएसएम जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ खड़कवासला राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं. उन्हें दिसंबर 1986 में बख्तरबंद कोर में कमीशन मिला था. करीब चार दशकों के अपने लंबे करियर में उन्होंने देश के विभिन्न चुनौतीपूर्ण इलाकों में सेवाएं दी है. आतंकवाद विरोधी अभियानों से लेकर संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में भी उनकी अहम भूमिका रही है.
लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र पाल सिंह को मिली पश्चिमी कमान
इस फेरबदल के तहत लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र पाल सिंह ने पश्चिमी कमान की कमान संभाली है. उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया है. वे इससे पहले सेना स्टाफ के उप-प्रमुख रह चुके हैं. उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार का स्थान लिया है, जो 31 मार्च को सेवानिवृत्त हुए हैं. पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) के अधिकारी पुष्पेंद्र पाल सिंह को दिसंबर 1987 में कमीशन मिला था. वे भारतीय सैन्य अकादमी और लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं.
लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन को मिली दक्षिणी कमान की जिम्मेदारी
वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने दक्षिणी कमान की जिम्मेदारी संभाली है. उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की जगह ली है, जो अब सेना के उप प्रमुख बन चुके हैं. महार रेजिमेंट से जुड़े संदीप जैन को जून 1988 में सेना में कमीशन मिला था. अपने लंबे करियर में उन्होंने विभिन्न ऑपरेशनल और स्टाफ पदों पर काम किया है और कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं.
लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन के हाथों में पूर्वी कमान
पूर्वी कमान की कमान अब लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन के हाथों में आ गई है. उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल आरसी तिवारी का स्थान लिया है, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं. जून 1988 में सेना में शामिल हुए कृष्णन के पास करीब चार दशकों का व्यापक सैन्य अनुभव है. उन्होंने देश के कई संवेदनशील इलाकों में कमान, प्रशिक्षण और स्टाफ से जुड़े अहम पद संभाले हैं.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें




