IPS Mohit Agarwal, upsc success story: B.Tech के बाद बने IPS, अपराधी की बेटी की पढ़ाई का उठाया जिम्मा, क्यों चर्चा में हैं मोहित अग्रवाल?

Date:


Varanasi Police Commissioner, IPS Mohit Agarwal: उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई पुलिस ऑपरेशन या अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं, बल्कि उन्हें मिला एक प्रतिष्ठित सम्मान है. भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई ने उन्हें जनसेवा और भारतीय पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान (Distinguished Alumni Award) से सम्मानित किया है. दिलचस्प बात यह है कि जिस संस्थान ने उन्हें सम्मानित किया, मोहित अग्रवाल खुद भी उसके पूर्व छात्र हैं. यह संस्थान पहले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (NITIE) के नाम से जाना जाता था. करीब तीन दशक के पुलिस करियर में मोहित अग्रवाल ने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं.

बरेली में हुआ जन्म, मैकेनिकल इंजीनियरिंग से की पढ़ाई

मोहित अग्रवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं. उनका जन्म 6 सितंबर 1973 को हुआ था. उनके पिता का नाम कृष्ण मोहन अग्रवाल है. उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया. उन्होंने पुलिस सेवा में आने से पहले इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल की थी. उन्होंने मुंबई स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग यानी NITIE से भी पढ़ाई की. यही संस्थान अब IIM मुंबई के नाम से जाना जाता है. इसी संस्थान ने अब उन्हें सम्मानित किया है.

1996 में UPSC परीक्षा दी, 1997 बैच के IPS बने

मोहित अग्रवाल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के जरिए भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई. उन्होंने 1996 में यूपीएससी परीक्षा दी थी और उनका सेलेक्‍शन आईपीएस के लिए हुआ. इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर का 1997 बैच का आईपीएस अधिकारी बनाया गया.उत्तर प्रदेश पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने 25 अगस्त 1997 को आईपीएस सेवा ज्वाइन की. उनका आईपीएस बैच 1997 है और वे डायरेक्ट रिक्रूट यानी सीधे भर्ती हुए अधिकारी हैं.

ASP से ADG तक पहुंचे, करीब तीन दशक का पुलिस करियर

मोहित अग्रवाल का पुलिस सेवा में सफर असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस यानी ASP से शुरू हुआ. शुरुआती वर्षों में उन्होंने ASP प्रोबेशनर और ASP के रूप में काम किया. इसके बाद उन्हें पुलिस अधीक्षक यानी SP की जिम्मेदारी मिली. वर्ष 2008 में वे SSP के पद पर पहुंचे. आगे चलकर 2013 में DIG, 2015 में IG और 1 जनवरी 2022 को ADG के पद पर पदोन्नत हुए.वह उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात रहे. उन्होंने करीब 15 जिलों में पुलिस प्रमुख के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 2005-2006 के दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत भी सेवा दी. इस सेवा के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था.उनके करियर में तकनीकी सेवाओं से लेकर आतंकवाद निरोधक दस्ते तक की जिम्मेदारियां शामिल रही हैं. वे ADG टेक्‍निकल सिर्विसेज लखनउ के पद पर तैनात रहे. अगस्त 2023 में उन्हें उत्तर प्रदेश एटीएस का ADG बनाया गया था.

कब और कहां-कहां मिली पोस्टिंग?

मोहित अग्रवाल के सेवा रिकॉर्ड में 1997 में ASP प्रोबेशनर, 1999 में ASP और 2001 के आसपास SP स्तर की जिम्मेदारियां दर्ज हैं. वर्ष 2008 में वे SSP बने. 2013 में DIG और 2015 में IG के पद पर पहुंचे. 2018 में वे IG पब्लिक गर्वनेंस से जुड़ी जिम्मेदारी में भी रहे. 2019 और 2020 में वे कुछ समय के लिए वेटिंग में रहे. इसके बाद 2021 में फिर IG बन गए.वर्ष 2022 में उन्हें ADG बनाया गया और ADG टेक्‍निकल सर्विसेज की जिम्मेदारी मिली. अगस्त 2023 में ADG ATS के पद पर उनकी तैनाती हुई. इसके बाद 11 मार्च 2024 को उन्हें वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया. यूपी पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड में उनकी वर्तमान रैंक ADG और वर्तमान तैनाती पुलिस कमिश्नर वाराणसी है.

23 बच्चों को बंधक बनाने वाले ऑपरेशन से मिली चर्चा

मोहित अग्रवाल के करियर की सबसे चर्चित घटनाओं में फरवरी 2020 का फर्रुखाबाद बंधक कांड शामिल है. उस समय वे कानपुर रेंज के IG थे. फर्रुखाबाद के एक गांव में सुभाष बाथम नाम के व्यक्ति ने जन्मदिन मनाने के बहाने बच्चों को अपने घर बुलाया और उन्हें बंधक बना लिया. इस घटना में कुल 23 बच्चे बंधक बनाए गए थे.आरोपी ने बच्चों को छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की थी. उसने बच्चों को नुकसान पहुंचाने और मकान को विस्फोट से उड़ाने की धमकी भी दी थी. हालात बेहद संवेदनशील थे क्योंकि घर के भीतर कई बच्चे फंसे हुए थे और बाहर पुलिस की टीमें मौजूद थीं.बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन ‘मासूम’ चलाया. इस अभियान की अगुवाई उस समय IG मोहित अग्रवाल कर रहे थे. कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी सुभाष बाथम को मार गिराया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस घटना के बाद आरोपी की पत्नी पर भीड़ ने हमला कर दिया था. बाद में उसकी मौत हो गई. इस तरह सुभाष बाथम की बेटी गौरी माता-पिता दोनों को खोकर अकेली रह गई.

अपराधी की बेटी गौरी की जिम्मेदारी

फर्रुखाबाद की घटना के बाद मोहित अग्रवाल का एक अलग पक्ष सामने आया. उन्होंने सुभाष बाथम की बेटी गौरी की देखभाल और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने की पहल की. उस समय गौरी बहुत छोटी थी. पुलिस की ओर से उसकी शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने की बात कही गई थी. मोहित अग्रवाल ने भी यह भरोसा दिया था कि बच्ची की पढ़ाई और अन्य जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा, ताकि वह आगे चलकर अपने पैरों पर खड़ी हो सके.बाद में गौरी की पढ़ाई के लिए बोर्डिंग स्कूल में दाखिले की व्यवस्था की गई. इस घटना ने मोहित अग्रवाल को चर्चा में ला दिया.

बिकरू कांड के दौरान भी रहे चर्चा में

कानपुर का बिकरू कांड भी मोहित अग्रवाल के करियर की अहम घटनाओं में शामिल है. जुलाई 2020 में गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने बिकरू गांव में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया था. इस हमले में आठ पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी.उस समय मोहित अग्रवाल कानपुर रेंज के IG थे. घटना के बाद पुलिस ने विकास दुबे और उसके साथियों की तलाश में अभियान चलाया. बिकरू कांड के बाद हुई कार्रवाई के दौरान मोहित अग्रवाल की भूमिका भी चर्चा में रही. एक मुठभेड़ में विकास दुबे के दो करीबी सहयोगियों को मार गिराया गया था. बाद में विकास दुबे को उज्जैन से गिरफ्तार किए जाने के बाद कानपुर लाते समय पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी.

ADG ATS रहते हुए आतंकवाद से जुड़े मामलों पर काम

मोहित अग्रवाल को अगस्त 2023 में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड यानी ATS का ADG बनाया गया था. इस पद पर रहते हुए उन्होंने आतंकवाद और देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी संभाली. उनके कार्यकाल के दौरान ISIS से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ.एटीएस में उनकी भूमिका से पहले वे तकनीकी सेवाओं से जुड़े विभाग में ADG के पद पर काम कर चुके थे.

वाराणसी में भी रहे चर्चा में

मोहित अग्रवाल के सेवा रिकॉर्ड में कुंभ मेले से जुड़ी जिम्मेदारियां भी शामिल हैं. उन्होंने वर्ष 2013 और 2019 में प्रयागराज कुंभ के आयोजन के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मोहित अग्रवाल को मार्च 2024 में वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था. उन्होंने 11 मार्च 2024 को इस पद की जिम्मेदारी संभाली. वाराणसी में उनकी कार्यशैली एक बार फ‍िर चर्चा में रही जब उन्‍होंने सभी थानों को शनिवार और रविवार को सड़क पर उतरकर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए. इसके बाद एक साथ 28 थानों की पुलिस ने कार्रवाई की.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

Cyclone Akvan News: कहां पहुंचा तूफान अक्वान, कितनी मचाएगा तबाही? साइक्लोन अलर्ट पर जान लें हर बात

होमताजा खबरदेशकहां पहुंचा तूफान अक्वान, कितनी मचाएगा तबाही?...