नई दिल्ली: भाजपा ने एक बार फिर राहुल गांधी पर हमला बोला है. भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हुए हैं. भाजपा ने शनिवार को हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ को ‘एंटी-भारत समिट’ करार दिया. भाजपा ने कहा कि यह मंच प्रधानमंत्री के खिलाफ नफरत फैलाने और भारत को कमजोर करने के लिए लगाया गया.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हैं. वे हर मंच से देश को बदनाम करने की साजिश और अराजकता फैलाकर भारत में अस्थिरता लाने का काम कर रहे हैं.
‘भारत समिट’ का जिक्र करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि यह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से आयोजित ‘एंटी भारत समिट’ था. भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘देश के प्रधानमंत्री जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो ‘गुजरात इन्वेस्टमेंट समिट’ होता था, भाजपा शासित राज्यों में भी इन्वेस्टमेंट समिट होता है. दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित राज्य में भारत का हित पीछे छूट जाता है. जो मंच भारत और तेलंगाना के लिए मजबूती प्रदान कर सके, उसे भारत को कमजोर करने, प्रधानमंत्री मोदी से नफरत करने और अराजकता फैलाने के लिए लगाया जा रहा है.’
भाजपा प्रवक्ता ने ‘भारत समिट’ में आए इटली के नेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के नारों का जिक्र किया. गौरव भाटिया ने कहा, ‘दुर्भाग्य है कि भारतीय मंच से एक विदेशी भारतीय जनादेश को चुनौती देता है और उपहास उड़ाता है. जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ दिया. यह और भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उन्हें रोकते नहीं हैं, बल्कि ताली बजाते हैं और हंसते हैं.’
गौरव भाटिया ने आगे कहा, ‘जब ये वीडियो किसी भारतीय ने देखा तो उसे बहुत ठेस लगी. शर्मिंदगी भी हुई कि हमारा नेता प्रतिपक्ष ऐसे विषय पर जो भारत की संप्रभुता से जुड़ा है, भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा है, चो ताली कैसे बजा सकता है और खुश कैसे हो सकता है?’
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी का उल्लेख किया, जिसमें कहा गया कि ‘राहुल गांधी चुनाव हारते-हारते पीएम मोदी के लिए नफरत की आंधी में बहते जा रहे हैं. 99 चुनाव वे (राहुल गांधी) अपनी पार्टी को हरवा चुके हैं. ये कहीं न कहीं उनकी खीज, उनकी निराशा है जो निकल रही है. राहुल गांधी का एक ही मकसद है भारत को बदनाम करना.’
गौरव भाटिया ने कहा, ‘कोई मंच हो, विदेशियों को बुलाओ, भारत के खिलाफ बयानबाजी करवाओ और इसे राहुल गांधी अपनी उपलब्धि समझते हैं. वे फिर से विदेशी दौरे पर निकल चुके हैं. वे हर बार विदेशी भूमि पर जाकर भारत के मजबूत लोकतंत्र पर झूठे और अनर्गल आरोप लगाते हैं. राहुल गांधी यहां तक अपील कर चुके हैं कि विदेशी शक्तियों को भारत के अंदरुनी मामलों में हस्तक्षेप करना चाहिए.’
