Last Updated:
Noida Elevated Road Update: नोएडा से दिल्ली का सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए एलिवेटेड रोड को लेकर बड़ी खबर है. सेक्टर-62 से सेक्टर-18 होते हुए दिल्ली को जोड़ने वाली इस अहम सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा पिछले 25 दिनों से बंद है, जिसके चलते नीचे की सड़कों पर जाम का दबाव लगातार बढ़ रहा है. अब सभी की निगाहें आईआईटी रुड़की की तकनीकी जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. सोमवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है, जिसके बाद नोएडा प्राधिकरण मरम्मत का काम शुरू कराने की तैयारी में है.
20 नवंबर तक खुलने की उम्मीद.
नोएडा: यूपी में नोएडा के सेक्टर-62 से सेक्टर-18 होते हुए दिल्ली को जोड़ने वाली एलिवेटेड रोड पर सफर करने वाले वाहन चालकों की परेशानी फिलहाल खत्म होती नजर नहीं आ रही है. सड़क का एक हिस्सा पिछले 25 दिनों से बंद पड़ा है. एलिवेटेड रोड पर करीब तीन मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्राधिकरण ने इसकी तकनीकी जांच कराने का फैसला लिया था. अब इस मामले में आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है. रिपोर्ट मिलने के बाद नोएडा प्राधिकरण की ओर से मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा.
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में एलिवेटेड रोड के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का पता चलेगा. इसके साथ ही यह भी बताया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए किन तकनीकी उपायों की जरूरत है. रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत की प्रक्रिया और आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी. प्राधिकरण की कोशिश है कि 20 नवंबर तक एलिवेटेड रोड को दोबारा वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाए.
बार-बार सड़क पर हो रहे थे गड्ढे
करीब 4.8 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड पर पिछले कुछ समय से बार-बार गड्ढे होने की समस्या सामने आ रही थी. सड़क की सतह क्षतिग्रस्त होने और बार-बार मरम्मत की जरूरत पड़ने के बाद इसकी मजबूती पर सवाल उठने लगे थे. इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने सड़क की विस्तृत तकनीकी जांच कराने का निर्णय लिया. इसके लिए आईआईटी रुड़की और एलिवेटेड रोड का निर्माण करने वाली कंपनी की टीम ने संयुक्त रूप से सर्वे किया.
अमेरिका से बुलाए गए तकनीकी विशेषज्ञ
जांच को अधिक विस्तृत और तकनीकी रूप से प्रभावी बनाने के लिए अमेरिका से अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक के विशेषज्ञ को भी बुलाया गया था. विशेषज्ञों ने विशेष अल्ट्रासोनिक परीक्षण के जरिए एलिवेटेड रोड के अंदरूनी हिस्सों की स्थिति और मजबूती की जांच की. इस तकनीक में ध्वनि तरंगों के माध्यम से संरचना के भीतर मौजूद संभावित कमजोरियों और खामियों का पता लगाया जाता है.
जांच के दौरान सड़क पर आई दरारों, कंपन और निर्माण की मजबूती को भी परखा गया. इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि सड़क की ऊपरी सतह ही क्षतिग्रस्त हुई है या इसके नीचे मौजूद संरचनात्मक हिस्सों पर भी इसका असर पड़ा है. अब सभी जांच के निष्कर्षों को मिलाकर कंपाइल रिपोर्ट तैयार की जा रही है.
एलिवेटेड के नीचे रोजाना लग रहा जाम
एलिवेटेड रोड का एक हिस्सा बंद होने का सीधा असर नीचे की सड़क पर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है. सेक्टर-18, सेक्टर-31, सेक्टर-25 और सेक्टर-62 की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को पीक आवर्स में जाम का सामना करना पड़ रहा है. खासकर सुबह और शाम कार्यालय आने-जाने के समय वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है.
अब वाहन चालकों को आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद मरम्मत कार्य शुरू होने और 20 नवंबर तक एलिवेटेड रोड को खोलने की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि, सड़क को दोबारा चालू करने से पहले उसकी सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित करना प्राधिकरण के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी.
About the Author
Abhijeet Chauhan is a Sub-Editor in the editorial team of News18 Hindi Digital, part of the Network18 Group. He has been associated with News18 for nearly four years, having joined the organization through camp…
