Last Updated:
AK Antony wife Elizabeth News: तिरुवनंतपुरम में पुलिस ने गलत पहचान के कारण केरल के पूर्व सीएम ए.के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को घर के रेनोवेशन विवाद पर पति के साथ थाने बुलाया था. गलती का पता चलने पर कमिश्नर ने एसएचओ को माफी मांगने की मांग हो रही है.
ऐसा क्या हुआ जो कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी की पत्नी को पुलिस ने बुलाया थाने (fille photo)
तिरुवनंतपुरम. केरल की राजधानी में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां ‘गलत पहचान’ के कारण पुलिस ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ए. के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को अपने पति के साथ थाने आने के लिए कहा. एलिजाबेथ ने एक शिकायत ईमेल के जरिए की थी और पुलिस ने शायद यह ध्यान ही नहीं दिया कि उनके पति कौन हैं. ईमेल के जरिए की गई शिकायत में एलिजाबेथ ने अपना नाम स्पष्ट रूप से ‘ए.के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ’ बताया था. लेकिन मामले को देख रहे अधिकारी का ध्यान शायद इस छोटी सी बात पर नहीं गया और उन्होंने पुलिस की सामान्य प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
जब पुलिस ने किया सीएम की पत्नी को फोन
शिकायत की पुष्टि करते हुए अधिकारी ने एलिजाबेथ को फोन किया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें अपने पति के साथ थाने आने को कहा. बाद में पुलिस को पता चला कि जिस महिला को उन्होंने बुलाया था वह केरल के सबसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में से एक और तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके और देश के रक्षा मंत्री रहे नेता की पत्नी थीं. यह पता चलते ही, आनन-फानन में स्थिति को संभालने की कोशिशें शुरू हो गईं.
जब SHO को कहा माफी मांगें
तिरुवनंतपुरम सिटी पुलिस कमिश्नर ने मामले में दखल दिया और म्यूजियम थाना प्रभारी (एसएचओ) को निर्देश दिया कि वे एलिजाबेथ के पास जाएं और व्यक्तिगत रूप से उनसे माफी मांगें. लेकिन एलिजाबेथ ने बड़प्पन दिखाते हुए अधिकारियों को दोबारा आने की जहमत नहीं उठाने दी और कहा कि उनके आने और माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने इसे अनजाने में हुई एक गलती माना और इस मामले को यहीं खत्म करने का फैसला किया.
क्या था मामला?
दिलचस्प बात यह है कि उनकी शिकायत का राजनीति या किसी हाई-प्रोफाइल मामले से कोई लेना-देना नहीं था. उन्होंने अपने घर के रेनोवेशन (मरम्मत) के काम को लेकर पुलिस से संपर्क किया था. मरम्मत का काम करने के लिए रखे गए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एडवांस पैसे ले लिए थे, लेकिन काम पूरा नहीं किया. फोन पर उससे संपर्क करने की कई कोशिशें नाकाम रहीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को ईमेल किया. पहचान को लेकर हुई इस गलतफहमी के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. मरम्मत का काम करने वाले व्यक्ति को थाने बुलाया गया और उसे बचा हुआ काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया, क्योंकि वह पहले ही एडवांस ले चुका था. इसके बाद मामला सुलझ गया.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि अधिकारी से ईमेल की डिटेल देखने में बस एक गलती हो गई थी, लेकिन इस घटना ने सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है. यह एक अजीब संयोग था, एक महिला जो अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास गई थी, उससे अपने पति को भी साथ लाने के लिए कहा गया. बाद में पुलिस को पता चला कि उनके पति ए.के. एंटनी थे.
About the Author
अरुण बिंजोला वर्तमान में News18 हिंदी में एसोसिएट एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वह करीब 19 वर्षों से काम कर रहे हैं, जिसमें 13 वर्षों से अधिक समय डिजिटल मीडिया में बी…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
