Last Updated:
DC vs RR Highlights: राजस्थान रॉयल्स ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 193 रन बनाए थे. राजस्थान की ओर से ध्रुव जुरेल ने 53 और कप्तान रियान पराग ने 51 रन बनाए. दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. 194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 19.2 ओवर में 197 रन बनाए. दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 56 और अभिषेक पोरेल ने 51 रन की पारी खेली. 5 विकेट से जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली सातवें नंबर पर पहुंच गई है. राजस्थान हार के बाद छठे नंबर पर है.
केएल राहुल ने 56 रन की पारी खेली.
नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिवित रखा है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 193 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने बेहद शानदार खेल दिखाया और 19.2 ओवरों में 5 विकेट खोकर 197 रन बनाते हुए इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया.
दिल्ली की इस शानदार जीत में उनके बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा. सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने 31 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 51 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन बनाकर पारी को संभाला. मध्यक्रम में कप्तान अक्षर पटेल ने महज 18 गेंदों में नाबाद 34 रनों की कप्तानी पारी खेली. हालांकि साहिल पारख 9 रन, ट्रिस्टन स्टब्स 4 रन और डेविड मिलर 9 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन अंत में आशुतोष शर्मा ने सिर्फ 5 गेंदों में 1 चौके और 2 गगनचुंबी छक्कों की बदौलत नाबाद 18 रन ठोककर 360 के स्ट्राइक रेट से दिल्ली को 4 गेंद शेष रहते ही एक यादगार जीत दिला दी.
केएल राहुल ने 56 रन की पारी खेली.
स्टार्क ने 4 गेंद के भीतर पर तीन विकेट लिए
मिचेल स्टार्क के चार गेंद में तीन विकेट की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी ओवरों में वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट पर 193 रन पर रोक दिया. एक समय पर लग रहा था कि रॉयल्स 230-240 के आसपास पहुंच जाएगी लेकिन सीम और स्विंग के महारथी आस्ट्रेलियाई धुरंधर स्टार्क ने 15वें ओवर में आक्रामक खेल रहे रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (26 गेंद में 51) और डोनोवन फरेरा (0) को लगातार गेंद पर आउट किया जबकि रवि सिंह (चार) भी एलबीडब्ल्यू आउट हुए.
स्टार्क ने 4 विकेट लिए
रॉयल्स का स्कोर 14वें ओवर के बाद दो विकेट पर 160 रन था और लग रहा था कि टीम 230 के आसपास पहुंच जाएगी लेकिन आखिरी छह ओवर में सिर्फ 33 रन बने और छह विकेट गिर गए. स्टार्क ने चार ओवर में 40 रन देकर चार, लुंगी एंगिडि ने चार ओवर में 24 रन देकर और माधव तिवारी ने 27 रन देकर दो दो विकेट लिए. स्टार्क का चौथा शिकार दासुन शनाका (10) बने जो 19वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को कैच देकर लौटे. रॉयल्स के लिये पराग के अलावा ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी (21 गेंद में 46 रन) और ध्रुव जुरेल (40 गेंद में 53 रन) ने उपयोगी पारियां खेली. आईपीएल के इस सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यवंशी को देखने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में भारी तादाद में दर्शक पहुंचे थे और इस युवा बल्लेबाज ने उन्हें निराश भी नहीं किया.
सूर्यवंशी ने लुंगी एंगिडि को पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला
पहले ओवर में स्टार्क का सामना हालांकि यशस्वी जायसवाल ने किया और उन्हें फॉरवर्ड स्क्वेयर लेग, स्ट्रेट तथा एक्स्ट्रा कवर में चौके लगाए. सूर्यवंशी ने लुंगी एंगिडि को पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला. इसी ओवर में हालांकि जायसवाल ( नौ गेंद में 12 रन) पवेलियन लौट गए जिनका कैच स्टार्क ने लपका. स्टार्क का स्वागत अगले ओवर में सूर्यवंशी ने शार्ट थर्डमैन पर चौके के साथ किया. सौ से ज्यादा टेस्ट खेल चुके स्टार्क की 140 किमी रफ्तार की गेंद पर पूरी सहजता से सूर्यवंशी ने लांग लेग की तरफ ऊंचा छक्का लगाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
डेब्यूटेंट त्रिपुराना विजय की गेंद पर आउट होने से बचे वैभव
आईपीएल में पदार्पण कर रहे त्रिपुराना विजय को दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने पावरप्ले के भीतर ही गेंद सौंप दी जिन्हें तीन चौके और एक छक्का लगाकर सूर्यवंशी ने दबाव में ला दिया. वह हालांकि खुशकिस्मत रहे कि समीर रिजवी उनका कठिन कैच नहीं लपक सके जब वह 31 रन पर थे. मिड आन से पीछे की ओर भागते हुए रिजवी ने गेंद को लपकने के लिये दिशा बदली लेकिन उनका अनुमान गड़बड़ा गया. दूसरे छोर से जुरेल ने मुकेश कुमार को छक्का लगाकर दूसरे विकेट के लिए 23 गेंद में 50 रन की साझेदारी पूरी की.पावरप्ले के छह ओवरों के बाद रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 75 रन था.
माधव तिवारी ने सूर्यवंशी को भेजा पवेलियन
अक्षर ने आठवें ओवर में गेंद माधव तिवारी को सौंपी जिन्होंने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरकर सूर्यवंशी ( पांच चौके और तीन छक्के) की पारी का अंत किया. सूयवंशी का कैच डेविड मिलर ने लपका. सूर्यवंशी के जाने के बाद कप्तान पराग ने मोर्चा संभाला और 11वें ओवर में अक्षर को दो छक्के लगाये. पिछले ओवर में माधव की गेंद पर सीमारेखा के पास ट्रिस्टन स्टब्स ने उनका कैच लपका और अंपायर ने आउट भी करार दिया लेकिन रिव्यू से पता चला कि गेंद जमीन को छू गई थी लिहाजा अंपायर का फैसला बदला. पराग ने 12वें ओवर में मुकेश की गेंदों की जमकर धुनाई करते हुए 23 रन निकाले जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था. इसमें लांग आन पर एक छक्का तो 89 मीटर का था. पराग ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से पूरा किया. इसके बाद स्टार्क 15वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और रॉयल्स को अपेक्षित स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


