Last Updated:
IPL Ticket Scam: इंडियन प्रीमियर लीग अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है, लेकिन उससे पहले एक बड़े स्कैम का खुलासा हुआ है. दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुए मुकाबले के लिए अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम के अधिकारियों ने वीआईपी पास की कालाबाजारी की. एक पास को 80 हजार रुपए की कीमत पर बेचा गया.
आरसीबी के दिग्गज प्लेयर विराट कोहली
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स के बीच हुए मैच को लेकर एक हैरान करने वाला खुसाला हुआ है. अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) से जुड़े अधिकारियों ने कॉम्प्लीमेंट्री पास की कालाबाजारी की थी. दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि विराट कोहली के मैचों के प्रीमियम टिकटों को ब्लैक मार्केट में भारी मुनाफे पर बेचा गया था. रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी के मैच की एक पास को करीब 80000 रुपए में बेचा गया है.
जांचकर्ताओं को वितरण के लिए मिलने वाले कॉम्प्लीमेंट्री पास से जुड़े एक व्यवस्थित नेटवर्क का संदेह है. टिकटों की दोबारा बिक्री, सट्टेबाजी के संबंधों और आईपीएल मैचों के दौरान पासों के अवैध रूप से बाजार में घुमाने के मामले में जांच के दायरे के बढ़ने के साथ ही कई अधिकारियों से पूछताछ की गई है.
दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
कॉम्प्लीमेंट्री टिकट की ब्लैक मार्केटिंग की जांच में दिल्ली की टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपी मुकीम (35), गुफरान (36) और मोहम्मद फैसल (38) से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी पंकज यादव से भी पूछताछ की. इसके बाद, डीडीसीए अधिकारियों को भी इस बढ़ती जांच में शामिल होने के लिए कहा गया और उनसे लगभग चार घंटे तक पूछताछ की गई.
इस पूरे मामले का खुलासा इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट से हुआ. इस रिपोर्ट में बताया गया कि मैच और मांग के आधार पर ब्लैक मार्केट में इन टिकटों की कीमतें 8000 रुपए से लेकर 80000 रुपये तक थीं. दिल्ली पुलिस के एक सूत्र के हवाले से अखबार ने दावा किया कि जिन मैचों में विराट कोहली खेल रहे थे, उनके टिकट 80000 रुपये प्रति टिकट तक बेचे जा रहे थे.
क्या है आईपीएल में पास का नियम
बता दें कि मौजूदा नियमों के तहत प्रत्येक आईपीएल फ्रेंचाइजी को हर मैच के लिए मेजबान एसोसिएशन (डीडीसीए) को कॉम्प्लीमेंट्री पास आवंटित करने होते हैं जो स्टेडियम की कुल क्षमता का 10 से 15 प्रतिशत होता है. रिपोर्ट के मुताबिक डीडीसीए को प्रत्येक आईपीएल मैच के लिए लगभग 6000 कॉम्प्लीमेंट्री पास मिलते थे, जिनमें से करीब 4000 पास इसके सदस्यों के बीच बांट दिए जाते थे.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


