Last Updated:
Tamil Nadu News: जिंदगी में कभी-कभी ऐसे हादसे होते हैं, जिनपर सहज ही भरोसा करना संभव नहीं होता है. तमिलनाडु में ऐसा ही एक मामला सामन आया है. एक चिता से दो खोपड़ियां मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
तमिलनाडु के अरियालुर जिले में एक ऐसी घटना हुई है, जिससे हर कोई चौंक उठा. (फाइल फोटो)
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के अरियालुर जिले के कुमुलियम गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग कथित तौर पर नशे की हालत में अपने रिश्तेदार की चिता में गिर गए. इस हादसे में जिंदा जलने से उनकी मौत हो गई. यह हादसा गुरुवार रात उस समय हुआ जब 55 वर्षीय रामदास का अंतिम संस्कार किया जा रहा था. एक चिता में दो खोपड़ी मिलने से पहले तो लोगों के होश उड़ गए. बाद में जब हकीकत का पता चला तो मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, रामदास की गुरुवार सुबह स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मृत्यु हो गई थी. रात में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें 75 वर्षीय थंगारासु भी अन्य परिजनों के साथ मौजूद थे. बताया जा रहा है कि थंगारासु उस समय शराब के नशे में थे. शुक्रवार सुबह जब एक रिश्तेदार श्मशान स्थल पर पहुंचा तो उसने देखा कि शव पूरी तरह से नहीं जला है. उसे लगा कि रात में बारिश के कारण चिता की आग बुझ गई होगी. इसके बाद अन्य परिजनों (शक्तिवेल, अरिवाझगन और पुन्नियामूर्ति) को सूचना दी गई. सभी ने मिलकर चिता पर केरोसिन डालकर शव को पूरी तरह जलाने की कोशिश की.
दो खोपड़ी मिलने से हड़कंप
इसी दौरान परिजनों को पता चला कि शक्तिवेल के पिता थंगारासु लापता हैं. ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, संदेह होने पर परिजनों ने चिता के पूरी तरह ठंडी होने का इंतजार किया और राख को खंगाला. इस दौरान उन्हें दो खोपड़ियां और अतिरिक्त हड्डियां मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चिता में दो लोग जल गए थे.
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि थंगारासु नशे की हालत में संतुलन खो बैठे और जलती चिता में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. दोनों मृतक दुबले-पतले थे, जिसके कारण परिजनों को शुरू में यह भ्रम हुआ कि चिता पर एक ही शव है. पुलिस ने इस मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें




