High Yielding Wheat Variety: राजस्थान के सीकर के एक किसान ने गेहूं की खेती में वह कर दिखाया है. जिसने वैज्ञानिकों और किसानों दोनों को हैरत में डाल दिया है. विकास कुमार सैनी द्वारा विकसित ‘अजय राज’ नाम की इस अनोखी किस्म ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के मेले में सबका ध्यान खींचा है. इस गेहूं की सबसे बड़ी खासियत इसकी साढ़े छह से सात फीट तक की लंबाई है. जो आम तौर पर होने वाले गेहूं से कहीं ज्यादा है. अक्सर आंधी और बारिश में गेहूं की फसल गिरकर बर्बाद हो जाती है, लेकिन ‘अजय राज’ की मजबूत बनावट इसे हर मौसम में अडिग रखती है. 9 साल की कड़ी मेहनत से तैयार यह किस्म न केवल बंपर उत्पादन (40-45 क्विंटल) देती है, बल्कि पशुओं के लिए चारे की समस्या को भी जड़ से खत्म करती है. पोषण के मामले में यह गेहूं किसी सुपरफूड से कम नहीं है. इसमें प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और फाइबर भरपूर मात्रा में है. विकास के अनुसार इस बीज से किसान अपनी कमाई दो से तीन गुना तक बढ़ा सकते हैं. विकास ने इस किस्म पर अपने एकाधिकार के लिए आवेदन भी कर दिया है, ताकि इसकी शुद्धता और पहचान बनी रहे.




