Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. पवन चामलिंग 8930 दिनों तक सीएम रहे. पीएम मोदी का बतौर सीएम और पीएम मिलाकर कार्यकाल आज 8931 दिनों का हो गया है.
पीएम मोदी के राजनीतिक सफर में आज एक और नया रिकॉर्ड जुट गया.
भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बना लिया है. इसमें नरेंद्र मोदी के बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम करने को शामिल किया गया है.
पवन कुमार चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया. जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यकाल को मिलाकर 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं. यह एक दुर्लभ और उल्लेखनीय उपलब्धि है, जो दशकों की निरंतर सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है.
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी ने अपनी मुख्यमंत्री काल के दौरान भी गुजरात के सबसे लंबे समय तक सीएम बने रहने का रिकॉर्ड बनाया था. वे मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव रखने वाले प्रधानमंत्री हैं. इसके साथ ही देश की आजादी के बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014, 2019 और 2024) जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं. यह उपलब्धि दृढ़ता, अनुभव और निरंतर जनसमर्थन को रेखांकित करती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को वडनगर, गुजरात में हुआ था. उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की. 1985 में भाजपा में शामिल होकर उन्होंने पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया. नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला. वह गुजरात के चार बार मुख्यमंत्री रहे. 2001, 2002, 2007 और 2012 विधानसभा चुनावों के बाद गुजरात सरकार का नेतृत्व किया. मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल 22 मई 2014 तक रहा. लगभग 12 वर्ष और 7 महीने तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे.
नरेंद्र मोदी भारत के 14वें और वर्तमान प्रधानमंत्री हैं, जो 26 मई 2014 से लगातार पद पर बने हुए हैं. जून 2024 में उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. वे लगातार तीसरी बार जीतने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने 4,000 से अधिक दिनों तक पद पर रहकर सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में अपना स्थान बनाया है.
About the Author

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें




