पटना. बिहार दिवस (22 मार्च) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को लिखा गया तीन पन्नों का पत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है. इस पत्र में पीएम मोदी ने न केवल बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत की सराहना की, बल्कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन, सामाजिक कल्याण और राज्य के परिवर्तन की खुलकर प्रशंसा की. खास बात यह रही कि नीतीश कुमार ने भी तुरंत आभार जताया और केंद्र के सहयोग का जिक्र किया. दरअसल, यह पत्राचार राजनीतिक दृष्टिकोण से तब और महत्वपूर्ण लगता है जब नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और राज्य की सत्ता से राष्ट्रीय राजनीति की ओर बढ़ रहे हैं. राजनीति के जानकारों की नजर में यह बिहार की राजनीति की दृष्टि से खास मैसेज देता है.
प्रशंसा के स्वर, सियासत के सकारात्मक संकेत
दरअसल, बिहार दिवस जैसे सांस्कृतिक अवसर पर प्रधानमंत्री का संदेश परंपरा का हिस्सा रहा है, लेकिन इस बार इसकी टाइमिंग और भाषा पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में बिहार के ऐतिहासिक गौरव, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा की सराहना की, साथ ही नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए बदलावों को भी रेखांकित किया. यह उल्लेख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल के वर्षों में केंद्र और बिहार सरकार के रिश्ते कई बार राजनीतिक उतार-चढ़ाव से गुजरे हैं. ऐसे में अब जब नीतीश कुमार बिहार से राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख कर रहे हैं ऐसे में पीएम मोदी की ओर से सार्वजनिक रूप से प्रशंसा का यह स्वर एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
पीएम मोदी का पत्र: विरासत और नेतृत्व की सराहना
इस पत्र की बड़ी विशेषता इस रूप में भी देख सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी का यह पत्र 2014 में केंद्र की राजनीति में उनके पदार्पण के बाद नीतीश कुमार को लिखा गया पहला विस्तृत व्यक्तिगत संदेश है. इसमें भगवान बुद्ध, चाणक्य-चंद्रगुप्त की कूटनीति से लेकर स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण तक बिहार की भूमिका का जिक्र है. पीएम ने पटना और पूर्णिया एयरपोर्ट टर्मिनल, आउंटा-सिमरिया पुल, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया. सबसे महत्वपूर्ण, उन्होंने नीतीश पर सीधे प्रकाश डालते हुए लिखा, “आपके नेतृत्व में बिहार ने गहन परिवर्तन देखा है. सुशासन और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति आपकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता ने राज्य में विश्वास, स्थिरता और प्रगति की नई लहर शुरू की है.” पीएम ने 2014 के बाद केंद्र से बढ़ी सहायता और वैश्विक बिहारी प्रवासियों की भूमिका भी सराही. साफ है कि भारत की सत्ता के शीर्ष की ओर से लिखा गया यह पत्र नीतीश कुमार के दो दशकों के सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और प्रशासनिक सुधारों को मान्यता देता हुआ प्रतीत हो रहा है.
नीतीश कुमार के आभारपूर्ण जवाब में खास मैसेज
नीतीश कुमार ने पत्र को सोशल मीडिया पर साझा कर प्रधानमंत्री का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, “बिहार की पूरी जनता की ओर से माननीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार. आपके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग से बिहार के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग राज्य और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.” सीएम नीतीश कुमार का यह जवाब उनकी पुरानी रणनीति को मजबूत करता है कि बिहार का विकास केंद्र-राज्य साझेदारी से ही संभव है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए केंद्र के सहयोग का जिक्र किया. यह प्रतिक्रिया भी राजनीतिक रूप से अहम है, क्योंकि इसमें टकराव की बजाय तालमेल का संकेत मिलता है. नीतीश कुमार का यह रुख बताता है कि वे एक संतुलित रणनीति पर काम कर रहे हैं. खासकर तब, जब उनकी भूमिका राज्य से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है.
राज्यसभा की ओर नीतीश कुमार के बढ़े कदम
यह पत्र उस संदर्ब में भी विशेष है कि नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों में 10 बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं. अब राज्यसभा की ओर कूच कर रहे हैं और अपेक्षा है कि 30 मार्च तक विधान परिषद से इस्तीफा देकर अप्रैल के बाद राज्यसभा सदस्य बन जाएंगे. सीएम नीतीश कुमार भी संकेतों में कई बार संदेश दे चुके हैं कि अब वह केंद्र की राजनीति में अपने अनुभव का उपयोग करेंगे. ऐसे में माना जा रहा है कि इससे बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता खुलेगा. बता दें कि संभावित उत्तराधिकारी में उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या नित्यानंद राय जैसे नेता शामिल हैं. नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी उप-मुख्यमंत्री बनाकर पिछड़ा वर्ग-ईबीसी समर्थन बनाए रखने की चर्चा है. ऐसे में पीएम मोदी का पत्र भी संकेत देता है कि यह कदम गठबंधन के भीतर सहमति से हुआ है, और इससे गठबंधन की मजबूती, सत्ता हस्तांतरण की सुगमता और बिहार की आने वाली राजनीति पर स्पष्ट संदेश मिलता है.
विश्वास, निरंतरता और सत्ता का सुगम हस्तांतरण
राजनीति के जानकारों की दृष्टि में पीएम मोदी का यह पत्र कई अन्य मायनों में भी महत्वपूर्ण है. यह नीतीश कुमार के शासन रिकॉर्ड को सार्वजनिक रूप से मान्यता देता है, ताकि उनकी विदाई को ‘झटका’, ‘धक्का’ या फिर बिहार और बिहारवासियों के संदर्भ में ‘सदमा’ न माना जाए. पीएम मोदी की इस सार्वजनिक प्रशंसा से जेडीयू कार्यकर्ता और ईबीसी-महादलित आधार को आश्वासन मिलता है कि नीतीश कुमार की विरासत सुरक्षित है. वहीं, भाजपा के लिए यह गठबंधन की वफादारी को मजबूत करता है. राजनीति के जानकारों का यह बात विशेष रूप से मानना है कि पीएम मोदी, नीतीश कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर रणनीतिक भूमिका देने का संकेत दे रहे हैं, न कि कोई सेवानिवृत्ति का संकेत है. एक और खास बात यह कि पिछले गठबंधन बदलावों के विपरीत, यहां कोई तनाव नहीं दिखता जो एनडीए की परिपक्वता दर्शाता है.
बिहार की सत्ता समीकरण पर प्रभाव और संदेश
पीएम मोदी पत्र से यह भी संकेत और बिहार की जनता को एक तरह से आश्वासन मिलता है कि सत्ता का सुकून भरा हस्तांतरण होगा, नीतीश कुमार के जाने के बाद शासन में भाजपा की प्राथमिकताएं तो बढ़ेंगी, लेकिन नीतीश युग की कल्याण योजनाएं बनी रहेंगी. इससे जाति-संवेदनशील राज्य में सामाजिक स्थिरता बनी रहेगी. संदेश साफ है कि- निरंतरता के साथ बदलाव। बिहार की राजनीति अब भाजपा-नेतृत्व वाली होगी, जिसमें केंद्र के संसाधन प्रमुख होंगे, लेकिन नीतीश का प्रभाव गठबंधन और राष्ट्रीय मंच से रहेगा. कुल मिलाकर, पीएम मोदी और सीएम नीतीश पत्राचार केवल शिष्टाचार नहीं, बल्कि राजनीतिक मास्टरस्ट्रोक है जो स्थिरता, विरासत सम्मान और केंद्र-राज्य मजबूत साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत करता है.



