पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में बारिश… एक साथ आ रहे 2 पश्चिमी विक्षोभ, फिर बदलेगा मौसम, 12 राज्यों में IMD अलर्ट

Date:


Today Weather Live Updates: उत्तर भारत के लिए एक साथ दो-दो गुड न्यूज आ रही है. उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने वाले हैं, जिनका असर 26 मार्च और फिर 28 मार्च से देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, इन दो पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम भी सक्रिय हैं. इसके चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं का दौर शुरू होगा.

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य पाकिस्तान, मध्य प्रदेश, असम और दक्षिण भारत के हिस्सों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइनें मौसम को अस्थिर बना रही हैं. इसका असर उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक देखने को मिलेगा.

पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत में 26 मार्च से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इसके साथ ही 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च की रात से सक्रिय होगा, जिससे 28 से 30 मार्च के बीच बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जो सामान्य से थोड़ा ऊपर रहेगा.

हालांकि 26 मार्च को दोपहर के बाद हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक और 20-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 27 मार्च को भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. 29 मार्च को एक बार फिर मौसम बदलेगा और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

यूपी-उत्तराखंड में बारिश से मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश में 27 मार्च को कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चलने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी. खासकर पश्चिमी और तराई क्षेत्रों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा.

वहीं उत्तराखंड में 27 मार्च को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है. 29-30 मार्च को भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक बनी रहेगी.

बिहार और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

बिहार में 27 और 28 मार्च को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है.

वहीं झारखंड में भी 24, 27 और 28 मार्च को बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

गुजरात और राजस्थान में कैसा मौसम?

राजस्थान में 28 से 30 मार्च के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. हालांकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है.

वहीं गुजरात में फिलहाल बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है. यहां मौसम शुष्क रहेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है. हालांकि कुछ हिस्सों में हल्की गर्म हवाएं चलने की संभावना है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में मौसम पहले से ही सक्रिय बना हुआ है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 से 28 मार्च के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.

सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 24 और 27 मार्च को तेज आंधी (50-70 किमी प्रति घंटा) और ओलावृष्टि की भी संभावना है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में 27-28 मार्च के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश का दौर रहेगा.

दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम

दक्षिण भारत में कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. केरल और कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है.

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम में इस बड़े बदलाव की वजह एक साथ सक्रिय कई सिस्टम हैं. मध्य पाकिस्तान और मध्य प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण, ट्रफ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ मिलकर वातावरण को अस्थिर बना रहे हैं. इसके अलावा, उत्तर भारत के ऊपर सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिससे मौसम तेजी से बदल रहा है.

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के ज्यादातर हिस्सों में कहीं न कहीं बारिश या आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा. केवल गुजरात और दक्षिण राजस्थान जैसे कुछ इलाके इससे अछूते रह सकते हैं. कुल मिलाकर, मार्च के आखिरी सप्ताह में देशभर में मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन आंधी, बिजली और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहना जरूरी है.

IMD के पूर्वानुमान की बड़ी बातें

देश में मौसम अचानक क्यों बदल रहा है?
मौसम विभाग के अनुसार, देश में कई सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. मध्य पाकिस्तान और मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण, अलग-अलग ट्रफ लाइनें और लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ. यही मौसम में बदलाव की बड़ी वजह है.

पश्चिमी विक्षोभ कब-कब असर दिखाएंगे?
पहला पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से और दूसरा 28 मार्च की रात से सक्रिय होगा, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी का दौर चलेगा.

किन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है?
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.

क्या मैदानों में भी बारिश होगी?
हां, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

क्या तापमान में बदलाव आएगा?
हां, अभी तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ेगा, लेकिन बारिश के बाद फिर गिरावट आ सकती है.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
तेज हवाओं, बिजली गिरने और आंधी के दौरान खुले में जाने से बचें, खासकर किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related