शादी-पार्टी या भारी भोजन के बाद अक्सर लोगों को पेट में गैस, भारीपन और असहजता की समस्या हो जाती है. ऐसे में समय-समय पर पेट को डिटॉक्स करना जरूरी होता है. आयुर्वेदिक डॉक्टर के अनुसार, कुछ आसान घरेलू ड्रिंक से पेट को हल्का और स्वस्थ रखा जा सकता है. उन्होंने बताया कि सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद और थोड़ा नींबू मिलाकर पीना फायदेमंद होता है. यह शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालने और गैस की समस्या कम करने में मदद करता है. दोपहर में एलोवेरा जूस भी लाभकारी है. इसके लिए एलोवेरा का गूदा निकालकर पानी, नींबू और थोड़ा काला नमक मिलाकर पी सकते हैं, जिससे पेट ठंडा रहता है. इसके अलावा पुदीना और तुलसी के पत्तों का पानी भी फायदेमंद होता है. इनका सेवन करने से पाचन बेहतर होता है और गैस की समस्या में राहत मिलती है. दिन में 2–3 बार इन ड्रिंक का सेवन करने से पेट से जुड़ी समस्याओं में आराम मिल सकता है.





