Last Updated:
पूरी रात उल्टे लटके रहने के कारण सुबह दोनों बहनें बेहोश हो गईं. परिवार वालों ने किसी तरह उन्हें नीचे उतारा. दोनों को तुरंत एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक ऋतुजा की हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी थी. पंढरपुर के अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने लड़कियों के पिता को हिरासत में ले लिया है. (सांकेतिक तस्वीर)
मुंबई. महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराने के संदेह में 10 वर्षीय एक लड़की की कथित तौर पर उसके पिता द्वारा उसे घर में उल्टा लटकाकर रखने के बाद मौत हो गई. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उसने बताया कि लड़की के किसान पिता दादू उर्फ नाना यमगर को पकड़ लिया गया है.
पुलिस ने बताया कि दादू ने मृत लड़की की 11 वर्षीय बड़ी बहन को भी इसी तरह की यातनाएं दीं और वर्तमान में उसका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. यह घटना बृहस्पतिवार को तब सामने आई जब डॉक्टरों ने सांगली के अतपड़ी तालुका में पुलिस को ऋतुजा की मौत के बारे में सूचित किया.
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘यमगर ने अपनी दो बेटियों ऋतुजा और अनुजा के हाथ-पैर बांधकर उन्हें घर की छत के नीचे दीवार पर लगे लोहे के कोण से उल्टा लटका दिया. वह गुस्से में था क्योंकि उसे शक था कि दोनों लड़कियों ने अतपड़ी के बनपुरी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए थे.’
पुलिस के अनुसार यमगर के पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने और लड़कियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसने उन्हें हंसिया से हमला करने की धमकी दी. दोनों लड़कियां पूरी रात उल्टी लटकी रहीं. पुलिस के मुताबिक, ऋतुजा की पानी की गुहार भी उसके दिल को नहीं पिघला पाई.
सुबह दोनों लड़कियां बेहोश पाई गईं, जिसके बाद उन्हें नीचे उतारा गया. नाबालिग बहनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ऋतुजा की हालत बिगड़ गई. पुलिस ने बताया कि पंढरपुर (सोलापुर जिले में) के एक अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि उनकी बहन अनुजा का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
अस्पताल अधिकारियों द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दिए जाने के बाद, लड़कियों के पिता को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस का दावा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है. पुलिस के अनुसार, यमगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें




