Last Updated:
जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से अपराध पर अंकुश लगाने में सहायक साबित होगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्यूआरटी की त्वरित कार्रवाई से जौनपुर में अपराध की रफ्तार पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
जौनपुर: जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बड़ा कदम उठाया है. एसपी के निर्देश पर जनपद के सभी सर्किलों में कुल 8 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है. इन टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके.
बोले एसपी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्यूआरटी टीमें अत्याधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों से लैस होंगी. प्रत्येक टीम में अनुभवी दरोगा, सिपाही और चालक शामिल किए गए हैं. इन्हें तेज रफ्तार वाहनों के साथ वायरलेस और अन्य संचार उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके. इन टीमों की खास जिम्मेदारी लूट, चोरी, छिनैती, गैंगवार और अन्य संगीन अपराधों पर तत्काल नियंत्रण करना होगा.
घटना पर तुरंत पहुंचेगी टीम
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को अब किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि क्यूआरटी की तैनाती से पुलिस की प्रतिक्रिया समय (रिस्पांस टाइम) में कमी आएगी और घटनास्थल पर तुरंत पहुंचकर आरोपियों की घेराबंदी संभव हो सकेगी. इससे अपराधियों के मन में पुलिस का भय बढ़ेगा और अपराध पर प्रभावी ब्रेक लगेगी.
हमेशा रहेगी सक्रिय
सभी सर्किल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी टीमों के साथ नियमित गश्त करें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें. बाजार, बैंक, स्कूल, भीड़भाड़ वाले चौराहों और रात्रिकालीन गतिविधियों वाले स्थानों पर क्यूआरटी की सक्रियता बढ़ाई जाएगी. साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की जाएगी.
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. उनका मानना है कि क्यूआरटी टीमों की सक्रियता से अपराधियों में डर पैदा होगा और आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें





