Last Updated:
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. दमकल विभाग को सुबह 10:53 बजे सूचना मिली थी. अधिकारियों के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से लैंड हो चुका है और स्थिति नियंत्रण में है. किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, जांच जारी है.
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. (फाइल फोटो)
Delhi IGI Airport: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली की तरफ आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट एक अनचाही आफत में फंस गई. मदद के लिए फ्लाइट के कैप्टन ने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मदद मांगी. प्लेन के सामने आई आफत को देखते हुए आईजीआई एयरपोर्ट पर फुल इमजेंसी लागू कर दी गई. साथ ही, एयरक्राफ्ट रेस्क्यू मैनेजमेंट से जुड़ी टीम को आनन-फाइन एयरसाइड में पहुंचने के निर्देश जारी कर दिए गए. इसके अलावा, मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर डिपार्टमेंट से भी मदद मांगी गई.
एयरपोर्ट सोर्सेज के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की यह फ्लाइट 6E 579 विशाखापत्तनम से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के लिए शेड्यूल्ड थी. आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने से पहले इस प्लेन के एक इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपात स्थिति की सूचना दी थी. उन्होंने बताया कि सुबह 10:39 बजे फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. यह प्लेन B737-800 था, जिसमें कुल 161 लोग सवार थे. प्लेन में करीब 6.4 घंटे का फ्यूल मौजूद था और इसकी अनुमानित लैंडिंग टाइम 10:52 बजे तय की गई थी.
इमरजेंसी घोषित होते ही एयरपोर्ट पर मौजूद सभी सुरक्षा और रेस्क्यू एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF) टीम को तुरंत एयरसाइड पर तैनात कर दिया गया. एटीसी ने तत्काल रनवे 28 को इस इमरजेंसी लैंडिंग के लिए खाली कराया और प्लेन को प्रॉयोरिटी देते हुए इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. प्लेन की लैंडिंग के बाद पार्किंग के लिए स्टैंड 137 पर ले जाया गया. आपको बता दें कि इस इमरजेंसी लैंडिंग की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट से टेकऑफ और लैंड होने वाली फ्लाइट्स को कुछ समय के लिए होल्ड कर दिया गया. इसकी वजह से अन्य उड़ानों की मूवमेंट पर भी अस्थायी असर पड़ा है.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ और एटीसी के सहयोग से प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. फायर विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि प्लेन बिना किसी बड़े हादसे के सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. लैंडिंग के बाद प्लेन की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि खराबी के सटीक कारण का पता लगाया जा सके. यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें




