Last Updated:
Tamil Nadu Assembly Election: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो गई है. इस लिस्ट के अनुसार सुपरस्टार विजय खुद पेरंबूर और त्रिची ईस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे. टीवीके ने कोलातुर सीट से वीएस बाबू को उतारा है, जो मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए टीवीके के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो गई है.
अभिनेता से नेता बने विजय ने रविवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी. इस घोषणा के साथ ही टीवीके ने चुनावी मैदान में अपनी मजबूत एंट्री का संकेत दे दिया है. इस लिस्ट के अनुसार सुपरस्टार विजय खुद पेरंबूर और त्रिची ईस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे. वहीं पार्टी के जनरल सेक्रेटरी एन आनंद को टी नगर से टिकट दिया गया है. कोषाध्यक्ष वेंकट रमणन मायलापुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि आढव अर्जुना को विल्लिवक्कम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
टीवीके ने कोलातुर सीट से वीएस बाबू को उतारा है, जो मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. वहीं चेपॉक सीट पर सेल्वम को उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से होगा.
चेन्नई में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए विजय ने कहा कि यह सिर्फ उम्मीदवारों की सूची नहीं, बल्कि ‘जनता के असली रक्षकों’ का ऐलान है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार आम पृष्ठभूमि से आते हैं और वे आम लोगों की समस्याओं को बेहतर समझते हैं.
विजय ने दूसरे दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई मौजूदा विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरते. उन्होंने कहा कि एक विधायक के लिए अनुभव से ज्यादा ईमानदारी, जिम्मेदारी और जनता के प्रति समर्पण जरूरी है.
विजय ने लोगों से अपील की कि वे टीवीके के चुनाव चिन्ह ‘व्हिसल’ पर वोट दें और पार्टी को एक मौका दें. उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर उनकी सरकार सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं करेगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, तमिलनाडु को नशामुक्त बनाएगी और कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव केवल उम्मीदवारों का नहीं, बल्कि बदलाव का चुनाव है. विजय ने कहा कि टीवीके की लड़ाई ‘जनता के गठबंधन’ और एमके स्टालिन के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच है.
विजय ने यह भी घोषणा की कि उनकी सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं के लिए 29 वर्ष की उम्र के बाद मासिक सहायता दी जाएगी और सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून लाया जाएगा. टीवीके की यह पहली चुनावी परीक्षा है और पार्टी इसे तमिलनाडु की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाने के अवसर के रूप में देख रही है.
तमिलनाडु की 234 सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होने वाले हैं, जिसके नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. इस चुनाव में सत्तारूढ़ डीएमके , एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन और अन्य दलों के साथ TVK की एंट्री से मुकाबला चौकोणीय हो गया है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें





