महाराष्ट्र के नासिक में गिरफ्तार ‘डर्टी बाबा’ अशोक खरात का मामला एक बड़े आपराधिक और रहस्यमयी नेटवर्क की कहानी बनता जा रहा है. यह मामला हर दिन नए खुलासों के साथ और पेचीदा होता जा रहा है. हर नई जानकारी पुराने दावों को और मजबूत कर रही है. पुलिस, एसआईटी और अन्य एजेंसियां इस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हैं, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे बाबा के ‘रहस्य लोक’ की परतें खुलती जा रही हैं.
पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनमें कोड वर्ड्स के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है. जांच एजेंसियां अब इन कोड शब्दों और नंबरों को डिकोड करने में जुटी हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी अशोक खरात जांच में सहयोग नहीं कर रहा, जिससे संदेह और गहरा गया है.
CCTV से खुला ‘डर्टी बाबा’ का काला सच
इस पूरे मामले का खुलासा एक चौंकाने वाले CCTV फुटेज से हुआ, जिसमें अशोक खरात एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आया. यह वीडियो सामने आने के बाद कई पीड़ितों ने आगे आकर अपनी आपबीती बताई. देखते ही देखते मामला गंभीर धाराओं में बदल गया और अब तक कई FIR दर्ज हो चुकी हैं.
कुछ शिकायतों में तो नरबलि जैसे सनसनीखेज आरोप भी लगाए गए हैं, जिनकी जांच एसआईटी कर रही है. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो पाएगी, लेकिन इन दावों ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
आश्रम के नीचे ‘रहस्य लोक’!
जांच के दौरान सामने आया कि बाबा का आश्रम सिर्फ धार्मिक गतिविधियों का केंद्र नहीं था, बल्कि उसके नीचे एक तरह का ‘रहस्य लोक’ भी तैयार किया गया था. जमीन से करीब 10-12 फीट नीचे बने इस मंदिरनुमा ढांचे में शिवलिंग, पूजा सामग्री, जलते दीये और अगरबत्तियां मिलीं. हैरानी की बात यह है कि यहां भी जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए गए थे.
इससे यह सवाल उठता है कि आखिर एक मंदिर के अंदर इतनी निगरानी की जरूरत क्यों पड़ी? क्या यहां होने वाली गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जाता था? पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है.
लग्जरी फार्महाउस और VVIP कनेक्शन
न्यूज18 की टीम जब आश्रम के पास बने एक लग्जरी फार्महाउस तक पहुंची तो वहां भी चौंकाने वाले दृश्य सामने आए. यह फार्महाउस आश्रम से महज 100 कदम की दूरी पर है और यहां भी हर कोने में CCTV कैमरे लगे हुए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां कई वीवीआईपी और सेलेब्रिटी भी आते-जाते थे.
फार्महाउस के आसपास संदिग्ध तरीके से बंधे लाल-सफेद कपड़ों के पैकेट भी मिले हैं, जिन्हें लेकर काला जादू या तांत्रिक गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है. SIT इस एंगल से भी जांच कर रही है.
क्या-क्या हैं आरोप?
अशोक खरात पर लगे आरोप बेहद गंभीर और चौंकाने वाले हैं. इनमें शामिल हैं:
- कई महिलाओं के साथ यौन शोषण
- अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर संबंध बनाने के आरोप
- खुद को ‘महादेव का अवतार’ बताकर महिलाओं को बहलाने का आरोप
- जादू-टोना के नाम पर जबरन शारीरिक संबंध
- धोखाधड़ी और ठगी
- जबरन वसूली
- हत्या की धमकी
- फर्जी लेन-देन
- ‘आस्था’ के नाम पर शोषण का जाल
जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनका आर्थिक और शारीरिक शोषण करता था. महिलाएं ‘साधना’ और ‘उपचार’ के नाम पर आश्रम में लाई जाती थीं, जहां उनके साथ गलत हरकतें की जाती थीं.
पुलिस और SIT की जांच जारी
फिलहाल SIT और पुलिस की टीमें हर एंगल से जांच में जुटी हैं. कोड लैंग्वेज, CCTV फुटेज, फार्महाउस कनेक्शन और संदिग्ध दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है.
इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आस्था की आड़ में चल रहे ऐसे ढोंगी बाबाओं का नेटवर्क कितना गहरा है और समाज के लिए कितना खतरनाक. जांच अभी जारी है, लेकिन एक बात साफ है-नासिक का यह ‘डर्टी बाबा’ सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक ऐसे रहस्यमयी और खतरनाक जाल का हिस्सा था, जिसकी सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है.





