हरिद्वार: उत्तराखंड राज्य में मार्च का महीना खत्म होने के बाद मौसम ने बड़ा यू टर्न लिया. अप्रैल का महीना शुरू होते ही मौसम अपना अलग-अलग रंग दिखा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 2 अप्रैल गुरुवार को पहाड़ों पर खराब मौसम का सिलसिला आज भी जारी रहेगा यानी 7 मार्च से राज्य के पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का दौर चल रहा है जो आज भी जारी रहेगा.
हो सकती है हल्की बारिश
राज्य के पांच सीमांत जिले उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम खराब रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार इन पांच पहाड़ी जिलों में हल्की से हल्की बारिश होगी, तो वहीं 3500 मीटर से ऊपर वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी की गई है. राज्य के शेष जिलों में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहने वाला है. आज आप अपने जरूरी कार्य उठा सकते हैं. मैदानी क्षेत्रों में मौसम आपके अनुकूल रहने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कल यानी 3 अप्रैल शुक्रवार को मौसम फिर से यू टाइम लेने वाला है. उत्तराखंड राज्य के देहरादून समेत पांच सीमांत जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि ऊपरी क्षेत्र में बर्फबारी की चेतावनी दी गई है. अन्य पर्वतीय जिलों में भी मौसम खराब रहेगा, लेकिन मैदान में जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने वाला है.
पहाड़ों में आने से बचें पर्यटक
पहाड़ों पर बार-बार बदल रहे खराब मौसम के चलते जो पर्यटक पहाड़ी जिलों में ट्रैकिंग या घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो उन्हें अपने प्लान में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के उच्च हिमालय क्षेत्र में ताजी बर्फ के कारण दुर्गम रास्ते फिसलन भरे हैं जिस कारण कोई भी हादसा हो सकता है. ऐसे में हादसों को न्योता दे रहे पहाड़ी दुर्गम रास्ते इस समय सुरक्षित नहीं है. उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में घूमने के रोमांच के लिए अपने परिवार या खुद को जोखिम में बिल्कुल भी ना डालें.
कैसा रहेगा आज का मौसम
ताजा रिपोर्ट के अनुसार देहरादून मोहकमपुर क्षेत्र में आज 2 अप्रैल को अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने वाला है. सुबह के समय आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, लेकिन दोपहर के बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. पंतनगर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने वाला है. पंतनगर क्षेत्र में भी सुबह के समय मौसम पूरी तरह साफ रहेगा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे. मुक्तेश्वर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 23 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहेगा. ताजा रिपोर्ट के अनुसार मुक्तेश्वर क्षेत्र में आसमान पूरी तरह से साफ रहने वाला है.
ताजा रिपोर्ट के अनुसार टिहरी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने वाला है. सुबह से शाम तक टिहरी क्षेत्र में आसमान पूरी तरह से साफ रहने की संभावना बताई गई है. अल्मोड़ा क्षेत्र में अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने वाला है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रहेगा. अल्मोड़ा क्षेत्र में भी मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा यानी सुबह से शाम तक आसमान में बादल नहीं रहने वाले हैं. मौसम के बदलते रूप को देखते हुए अपनी सेहत का खास ख्याल रखें.





