IMD Tomorrow Weather Warning: अप्रैल का महीना शुरू हो चुका है और मौसम एक बार फिर से करवट बदलने लगा है. देश में कई जगहों पर आंधी तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की खबरें आ रही हैं. मौसम विभाग (आईएमडी) ने कल यानी 3 अप्रैल के लिए उत्तर और पश्चिम भारत में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. आईएमडी ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक और महाराष्ट्र में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है.
आईएमडी ने कुछ इलाकों में थंडरस्क्वॉल और ओले के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. थंडरस्क्वॉल मतलब अचानक तेज हवा का तूफान आएगा, जिसमें हवा की स्पीड मिनटों में तेज रफ्तार पकड़े लेती है, जिसमें तबाही का खतरा बना रहता है. आमतौर पर तेज आंधी-तूफान या गुजरते हुए वेदर फ्रंट की वजह से होता है.
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत नॉर्थ के मैदानी इलाकों में मौसम खराब होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार यानी कि 3 अप्रैल को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने एक ताकतवर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की चेतावनी जारी की, जो इन इलाकों में बढ़ रहा है. इसकी वजह से 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि हवाओं की रफ़्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
ओले गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि आंधी तूफान के साथ बारिश में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी उम्मीद है. कल दिन के तापमान में काफी गिरावट आ सकती है. साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है. जम्मू और कश्मीर में कल कहीं-कहीं भारी बारिश और ओले गिरने का अनुमान है.
क्या पहाड़ों पर बर्फबारी होगी?
अगर आप पहाड़ों पर जा रहे हैं, तो कड़कड़ाती मौसम के लिए तैयार रहें. आईएमडी ने बताया कि 3 अप्रैल से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में काफ़ी ज़्यादा से लेकर हल्की से मध्यम बारिश होगी. निचले इलाकों में बारिश होगी, वहीं वीकेंड में सिस्टम के तेज होने पर ऊपरी इलाकों में ताजा और भारी बर्फबारी होने की संभावना है. शुक्रवार और शनिवार को पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में मैक्सिमम टेम्परेचर में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
यूपी-बिहार में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है. हालांकि, शुक्रवार को मौसम की किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी की गई. लेकिन, एक दिन बाद यानी कि शनिवार को मौसम खतरनाक रूप लेने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 3 से 5 अप्रैल को यूपी में बारिश होने की संभावना है. 4 और 5 अप्रैल के बीच यूपी में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बिहार को लेकर चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 5 और 6 अप्रैल को तेज आंधी के बारिश होने की संभावना है. बिहार के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान चलने की संभावना है.
पश्चिम और मध्य भारत मौसम का हाल
मौसम का यह ड्रामा सिर्फ उत्तर में ही नहीं है बल्कि पश्चिमी भारत के कुछ हिस्से खासकर महाराष्ट्र और मराठवाड़ में देखने को मिलेगा. शुक्रवार यानी कि 3 अप्रैल को आंधी-तूफान और कहीं-कहीं ओले गिरने के लिए हाई अलर्ट पर हैं. आज यानी कि गुरुवार को पुणे और आसपास के जिलों में आंधी-तूफान और बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया. इस बीच, मध्य भारत में कुछ जगहों पर बारिश होगी और मध्य प्रदेश में ओले गिरने की संभावना है.





