Operation Sindoor | S-400 | ऑपरेशन सिंदूर में दिल्ली पर दागी थी मिसाइल, S-400 ने रोहतक में कर दिया था काम तमाम, अब कोलकाता पर धमका रहे बड़बोले आसिफ

Date:


पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को खुली धमकी दी है. आसिफ ने शनिवार को अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर भारत कोई ‘फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन’ करने की कोशिश करता है, तो पाकिस्तान का जवाब कोलकाता तक पहुंचेगा. उन्होंने दावा किया कि भारत अपने लोगों या हिरासत में रखे पाकिस्तानियों के शव रखकर आतंकवादी घटना रचने की योजना बना रहा है. हालांकि, इस दावे के समर्थन में उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया.

आसिफ की यह गीदड़भभकी भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की हालिया चेतावनी के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने पड़ोसी देशों को किसी भी दुस्साहस से बचने की सलाह दी थी. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की इस गीदड़भभकी के पीछे ऑपरेशन सिंदूर में मिली मार के जख्म साफ झलकते हैं. पिछले साल मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर के वक्त भी पाकिस्तान ने दिल्ली सहित कई भारतीय शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय एयरडिफेंस सिस्टम यानी S-400 ने रोहतक में पाकिस्तानी हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया था.

जब पाकिस्तान की हवा निकल गई

मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया. भारतीय सेना ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक्स किए. पाकिस्तान ने जवाब में लगभग 300-400 ड्रोन और कई मिसाइलें दागीं, जिनका निशाना दिल्ली, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना और भुज जैसे शहर थे. पाकिस्तान की कोशिश थी कि बड़े पैमाने पर हमला कर भारत को जवाब दिया जाए, लेकिन भारतीय वायुसेना की मल्टी लेयर्ड एयर डिफेंस सिस्टम और S-400 ट्रायम्फ जैसे ‘सुदर्शन चक्र’ ने पाकिस्तानी हमले को पूरी तरह विफल कर दिया.

S-400 ने रोहतक क्षेत्र में पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन को 300 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर ही मार गिराया. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 की क्षमता पूरी दुनिया ने देखी. यह सिस्टम 600 किलोमीटर तक लक्ष्य की पहचान और 400 किलोमीटर तक उसे नष्ट करने में सक्षम है. भारतीय सेना की आकाश, स्पाइडर और MRSAM जैसी अन्य प्रणालियों के साथ मिलकर S-400 ने पाकिस्तान की पूरी हवाई और मिसाइल आक्रामकता को सीमा के सटे इलाकों में ही नष्ट कर दिया. पाकिस्तान को आखिर घुटनों पर झुककर भारत से युद्धविराम की गुहार लगानी पड़ी.

ख्वाजा आसिफ की खोखली धमकी या नई चाल?

सियालकोट में ख्वाजा आसिफ ने कहा, ‘अगर भारत इस बार कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की कोशिश करता है… तो इंशाअल्लाह हम इसे कोलकाता तक ले जाएंगे.’ उन्होंने आरोप लगाया कि भारत शवों को प्लांट करके आतंकवादी घटना रचने की साजिश रच रहा है. यह बयान पिछले गुरुवार को दिए गए उनके बयान का विस्तार है, जिसमें उन्होंने किसी भी हमले पर ‘त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक’ जवाब देने की बात कही थी.

वैसे आसिफ की यह धमकी महज गीदड़भभकी ही मानी जा रही हैं. कोलकाता दिल्ली से करीब 1300 किलोमीटर दूर है और पाकिस्तान के पास ऐसी कोई मिसाइल क्षमता नहीं है जो भारतीय एयर डिफेंस को भेदकर इतनी दूर तक सटीक हमला कर सके. ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान ने दिल्ली के करीब तक पहुंचने की कोशिश की थी, लेकिन S-400 ने उसे रोहतक में ही रोक लिया था. अब कोलकाता की धमकी देने का मतलब है कि पाकिस्तान अपनी हार को भूलकर पुरानी कहानी दोहरा रहा है.

भारतीय रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि S-400 की तैनाती अब और मजबूत हो चुकी है. चार स्क्वाड्रन भारत में सक्रिय हैं, जिनमें से कुछ पश्चिमी और उत्तरी सीमा पर हैं. कोलकाता और पूर्वी भारत की सुरक्षा के लिए भी एयर डिफेंस नेटवर्क को अपग्रेड किया गया है. पाकिस्तान की धमकी न केवल खोखली है, बल्कि घरेलू दबाव को विदेश की ओर मोड़ने की कोशिश भी लगती है.

भारत की तैयारियां और पाकिस्तान की कमजोरी

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना ने अपनी एयर डिफेंस और ऑफेंसिव क्षमता को और मजबूत किया है. S-400 के अलावा स्वदेशी प्रणालियां जैसे आकाश-एनजी, ब्रह्मोस, शौर्य और अग्नि सीरीज मिसाइलें भारत को बहु-स्तरीय सुरक्षा दे रही हैं. वहीं पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था संकट में है, आर्मी के अंदर असंतोष है और उसकी एयर फोर्स पुरानी तकनीक पर निर्भर है. कोलकाता पर हमले की धमकी देने वाला पाकिस्तान वास्तव में अपनी असमर्थता छिपाने की कोशिश कर रहा है.

भारत शांतिप्रिय देश है, लेकिन अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है. पाकिस्तान को समझना चाहिए कि समय बदल चुका है. अब गीदड़ भभकी से काम नहीं चलेगा. अगर कोई नई साजिश रची गई, तो जवाब सिर्फ सीमा तक नहीं, बल्कि पाकिस्तान की सैन्य क्षमता को और कमजोर कर देगा. भारतीय सेना, खासकर S-400 जैसे सिस्टम, देश की रक्षा की पहली पंक्ति बनी हुई है. ख्वाजा आसिफ की धमकी सिर्फ घरेलू राजनीति के लिए लग रही है, लेकिन भारत इसे गंभीरता से लेते हुए अपनी तैयारियां और मजबूत कर रहा है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related