हैदराबाद: अपनी नवाबी तहजीब और जायके के लिए मशहूर हैदराबाद अब खरीदारी के एक बेहद अनोखे और किफायती ट्रेंड का केंद्र बन गया है. अगर आप अपनी रसोई को आलीशान डिनर सेट या स्टाइलिश बोन चाइना और सिरेमिक क्रॉकरी से सजाना चाहते हैं, लेकिन बजट को लेकर चिंतित हैं, तो हैदराबाद के बाजारों में अब क्रॉकरी की कीमत पीस या सेट के हिसाब से नहीं, बल्कि सब्जियों और अनाज की तरह किलो के भाव तय हो रही है.
क्रॉकरी के ढेरों विकल्प हैं मौजूद
इस सेल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां विकल्पों की कोई कमी नहीं है. खरीदार अपनी पसंद के अनुसार निम्नलिखित चीजें वजन कराकर ले सकते हैं. जिसमें प्रीमियम मेलामाइन और सिरेमिक डिनर प्लेट्स, डिजाइनर सूप बाउल्स और सर्विंग डिशेज, आकर्षक कॉफी मग और टी-सेट्स और कांच के फैंसी जार और किचन स्टोरेज कंटेनर्स शामिल हैं.
1200 तक में मिल जाएंगे ब्रांडेड क्रॉकरी आईटम्स
दुकानदारों के अनुसार, एक ब्रांडेड और हाई-क्वालिटी डिनर सेट की कीमत आमतौर पर 3,500 से 6,000 रुपए के बीच होती है. लेकिन इस अनोखी सेल में ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से 3-4 किलो क्रॉकरी चुनकर महज 1,200 से 1,800 रुपए में अपना कस्टमाइज्ड सेट तैयार कर रहे हैं. मध्यमवर्गीय परिवारों और नया घर बसाने वाले युवाओं के लिए यह ऑफर किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है.
क्रॉकरी आईटम्स खरीदते वक्त रखें ये सावधानी
भीड़ और भारी स्टॉक के बीच खरीदारी करते समय सावधानी बरतना भी जरूरी है. सामान चुनने के बाद वजन की पारदर्शिता के लिए खुद कांटे पर नजर रखें. साथ ही, चूंकि सामान भारी मात्रा में रखा होता है, इसलिए हर पीस को उठाकर बारीकी से चेक करें कि कहीं कोई मामूली क्रैक या मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट तो नहीं है. आप अलग-अलग डिजाइनों को मिक्स एंड मैच करके एक बिल्कुल नया और यूनिक कलेक्शन भी बना सकते हैं.





