बीकानेर. शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से बीकानेर में जल्द ही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 75 हाईटेक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है. इस पहल से शहरवासियों को सस्ती, सुरक्षित और अत्याधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत कुल 125 ई-बसों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से पहले चरण में 75 सें बीकानेर की सड़कों पर उतरेंगी. इस परियोजना को शहर के लिए ग्रीन और मॉडर्न ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है.
बीकानेर में वायु प्रदूषण में कमी आएगी
ई-बसों के संचालन से बीकानेर में वायु प्रदूषण में कमी आएगी और शहर की हवा अधिक स्वच्छ हो सकेगी. इसके साथ ही ये बसें पारंपरिक डीजल बसों की तुलना में काफी कम शोर करती हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण भी घटेगा. पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यह पहल आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी साबित होगी.
इन बसों के लिए अत्याधुनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया जा रहा है. महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के पास चार्जिंग डिपो और वर्कशॉप लगभग बनकर तैयार हैं, जहां बसों की चार्जिंग और मेंटेनेंस की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
ई-बसों में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ई-बसों में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं. बस के दरवाजे पूरी तरह बंद होने तक वाहन आगे नहीं बढ़ेगा. तापमान अधिक होने पर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो जाएगा. हर बस में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे और वातानुकूलित (एसी) सुविधा उपलब्ध होगी. महिलाओं के लिए चार सीटें आरक्षित रहेंगी, जिन्हें पिंक रंग से चिन्हित किया जाएगा.
श्रमिकों और ग्रामीणों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलेगी
दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं. प्रत्येक बस में व्हीलचेयर की व्यवस्था होगी और बस में चढ़ने-उतरने के लिए लिफ्ट की सुविधा दी जाएगी, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को समान रूप से सुविधा मिल सके. इन ई-बसों का संचालन केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, जैसे देशनोक, कोडमदेसर, उदासर, नाल, उदयरामसर, रायसर, शोभासर, हुसंगसर, गंगाशहर और भीनासर तक भी किया जाएगा. इससे रोजाना यात्रा करने वाले श्रमिकों और ग्रामीणों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलेगी.
इसके अलावा, शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे जूनागढ़ किला और लक्ष्मीनाथ मंदिर तक भी इन बसों का संचालन होगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बीकानेर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी.





