नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट बन चुकी है. कोई भी ऐसा क्रिकेटर नहीं होगा जो इस लीग में नहीं खेलना चाहता हो. इसके पीछे की वजह है आईपीएल में इंटरनेशनल लेवल की प्रतिस्पर्धा और छप्परफाड़ पैसा, जिसकी वजह खिलाड़ी आईपीएल में खेलने के लिए बेताब रहते हैं. हालांकि, इस लीग में प्रतियोगिता इतनी ज्यादा होती है कि खिलाड़ियों को भी अपना बेस्ट देने का दबाव रहता है. ऐसे में कई बार वह अनफिट होने के बावजूद मैदान पर उतरते हैं.
ऐसी ही एक घटना के बारे में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क वुड ने बताया है जब उन्हें बुखार में भी टीम मालिक ने खेलने के लिए कह दिया था. बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में मार्क वुड ने बताया कि टीम के मालिक ने उन्हें मैच खेलने के लिए प्राइवेट प्लेन से ट्रैवलिंग करने का ऑफर दिया था, लेकिन उनकी हालत ऐसी थी कि वह बिस्तर से भी नहीं उठ पा रहे थे.
हर आधे घंटे में डॉक्टर कर रहे थे मार्क वुड की जांच
मार्क वुड ने बताया कि, “मुझे मैच के बाद ठीक नहीं लग रहा था. अगला मैच तीन के बाद था. मैं बुखार से तप रहा था. ऐसे में हर आधे घंटे में डॉक्टर मेरी वाइटल चेक कर रहे थे, ताकि किसी भी तरह से मैं खेलने लायक हो सकूं.” मार्क वुड उस घटना को याद करते हुए बताते हैं कि स्थिति तब असमंजस वाली हो गई जब टीम के मालिक ने मुझे खुद मैच के लिए उलपलब्धता के बारे में फोन पर बात की.
उन्होंने कहा, “मुझे याद है अगले दिन टीम मालिक ने मुझे फोन किया और पूछा कि कैसा महसूस कर रहे हो, जाने के लिए तैयार हो? इस पर मैंने उन्हें बताया कि मैं कुछ खाया-पिया नहीं हूं और मैं अभी भी बिस्तर से नहीं उठ पा रहा हूं. इस पर उन्होंने कहा कि हम तुम्हारे लिए दूसरा डॉक्टर बुलाएंगे और मैं तुम्हारे लिए प्राइवेट प्लेन की व्यवस्था करता हूं. बस तुम ये मैच खेल लो.”
मार्क वुड ने लगा दिया अपने पापा फोन
टीम के मालिक के प्राइवेट प्लेन के ऑफर से मार्क वुड हैरान थे, क्योंकि अमूमन टीम के सभी खिलाड़ी एक साथ सफर करते हैं. उन्होंने कहा, “टीम मालिक ने मुझे अगले दिन भी फोन किया और तबीयत के बारे में पूछा. मैंने फिर से बताया कि मैं अच्छा महसूस नहीं कर रहा हूं. इस पर टीम मालिक ने कहा, मैं तुम्हारे लिए प्राइवेट प्लेन भेजता हूं. तुम मैच खेलो और फिर दूसरे प्लेन से तुम्हें होटल छोड़ दिया जाएगा.” मार्क वुड ने माना कि एक बार को वह इस ऑफर की तरफ आकर्षित हो गए थे, लेकिन उन्होंने अपने पिता से सलाह लेकर नहीं खेलने का फैसला किया.
मार्क वुड ने कहा, “मैंने अपने पापा को फोन किया और कहा कि वे एक प्राइवेट प्लेन भेज रहे हैं.” इस पर उन्होंने कहा, “हां, लेकिन आपको कैसा लग रहा है?” मार्क वुड ने इस पर कहा, “सच कहूं तो अगर मैं खड़ा होता हूं तो मुझे अच्छा नहीं लगता… मैं बेहोश हो सकता हूं.” इस पूरे पसोपेश के बाद आखिरकार मार्क वुड ने प्राइवेट प्लेन के ऑफर को ठुकरा कर खेलने से मना कर दिया.
कैसा रहा है मार्क वुड का आईपीएल करियर
मार्क वुड के आईपीएल करियर की बात करें तो वह कुछ खास नहीं रहा है. इंग्लैंड का ये तेज गेंदबाज लीग में सिर्फ दो टीम चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेले हैं. मार्क वुड के नाम आईपीएल करियर में सिर्फ 5 मैच है, जिसमें उनके नाम 11 विकेट दर्ज है. वुड ने सीएसके के लिए 1 और लखनऊ के लिए 4 मैचों में मैदान पर उतरे. हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि प्राइवेट प्लेन का ऑफ किस टीम की तरफ से मिला था.


