Last Updated:
nicholas pooran surpasses vaibhav suryavanshi: लखनऊ सुपर जायंट्स के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक ठोक डाला. इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी को पछाड़ दिया. अभिषेक शर्मा के नाम सबसे ज्यादा का रिकॉर्ड दर्ज है.
वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले निकोलस पूरन.
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले में निकोलस पूरन ने तूफानी बैटिंग से तहलका मचाया. वेस्टइंडीज के इस पूर्व बल्लेबाज ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए सीजन की पहली फिफ्टी जड़ दी. अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए फेमस पूरन उसी लय में नजर आए, जिसे देखने के लिए फैंस आईपीएल 2026 से ही इंतजार कर रहे थे. पूरन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 300 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 21 गेंदों में 63 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. अर्धशतक पूरा करने के साथ ही पूरन ने राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को एक मामले में पीछे छोड़ दिया.
दरअसल, पूरन आईपीएल इतिहास में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार अर्धशतक पूरा करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट मे दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. निकोलस पूरन ने ऐसा 5 बार किया है, जबकि वैभव सूर्यवंशी 4 बार यह कारनामा कर चुके हैं. इस लिस्ट में अभिषेक शर्मा शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 6 बार 20 से कम गेंदों में आईपीएल अर्धशतक पूरा किया.
पूरन ने 21 गेंदों में बनाए 63 रन.
निकोलस पूरन एलएसजी के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने साल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ महज 15 गेंदों में पचासा लगाया था. साल 2025 में पूरन 18 गेंदों में (बनाम सनराइजर्स हैदराबाद) और साल 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर चुके थे. उन्होंने आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.
टीम को दिलाई तूफानी शुरुआत
पूरन ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 8 छक्कों और 1 चौके के साथ 63 रन बनाए. यह पूरन की पिछली 18 टी20 पारियों में पहली फिफ्टी है. इस दौरान पूरन ने जोश इंग्लिस के साथ 29 रन और मिचेल मार्श के साथ महज 34 गेंदों में 94 रन की साझेदारी करते हुए एलएसजी को दमदार शुरुआत दिलाई. सीजन की शुरुआत से ही पूरन फॉर्म की तलाश में नजर आए, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने नंबर-3 पर आकर एक दमदार पारी खेली और साबित किया कि वह एक भरोसेमंद बल्लेबाज हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


