Last Updated:
Suryakumar Yadav T20I Career: आईपीएल 2026 के बाद भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव होने की संभावना है. सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम के कप्तान पद से हटाए जाने की खबर है. पंजाब किंग्स के कप्तान और भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर उनकी जगह टीम की कमान संभालने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. अगर सूर्या की कप्तानी जाती है तो उनका टीम से बाहर होने भी लगभग तय है. इसकी बड़ी वजह उनका लगातार खराब फॉर्म है.
सूर्यकुमार यादव की टीम में जगह को भी खतरा.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. आईपीएल 2026 के बाद सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम के कप्तान पद से हटाए जाने की खबर है. माना जा रहा है कि सेलेक्टर्स उनके लगातार खराब प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है, जिसका वजह से अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सिलेक्शन कमिटी नए टी20 कप्तान पर फैसला लेने वाली है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर न सिर्फ टी20 टीम में वापसी करने वाले हैं, बल्कि सेलेक्टर्स उनके नाम पर ही कप्तान की मुहर लगाने वाले हैं. आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज से पहले बोर्ड यह बड़ा फैसला ले सकता है. इन खबरों के बीच फैंस के मन में यह सवाल जरूर होगा कि अगर सूर्या की कप्तानी गई तो क्या उनकी टीम से भी छुट्टी हो जाएगी? इसकी भी पूरी संभावना नजर आ रही है. चलिए समझते हैं…
कप्तानी गई तो टीम से भी होगी छुट्टी?
सूर्यकुमार यादव को अगर कप्तान पद से हटाया जाता है तो उनका टीम में भी रहना मुश्किल है. इसकी सबसे बड़ी वजह से है उनका खामोश बल्ला. सूर्यकुमार यादव ने भले ही अपनी कप्तानी में भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया, लेकिन इस पूरे टूर्नामेंट में एक पारी को छोड़कर वह रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए. यूएसए के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी को छोड़ दें तो उनका बल्ला खामोश नजर आया. टूर्नामेंट के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तो उनका खाता तक नहीं खुला. बल्ले से उनका लगातार खराब प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है. यही कारण है कि सेलेक्टर्स नए कप्तान की ओर देख रहे हैं.
कप्तानी संभालने के बाद सूर्या का रनों का ग्राफ गिरा.
आईपीएल 2026 में भी नहीं बना रहे रन
सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप में ही नहीं, मौजूदा आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला पूरी तरह से शांत है. मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सूर्या ने अब तक 10 मुकाबलों में सिर्फ 195 रन ही बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 से भी नीचे है. सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ही उन्होंने सीजन में 51 रन की एकमात्र अर्धशतकीय पारी खेली. इसके अलावा वह हर मुकाबले में लय ढूंढते दिखे हैं. जब मुंबई को उनके रनों की सबसे ज्यादा जरूरत दिखी, सूर्या टीम को बीच मझदार में छोड़कर चलते बने.
कप्तानी संभालने के बाद गिरा सूर्या का बैटिंग ग्राफ
सूर्यकुमार यादव ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टी20 टीम की कमान संभाली. उनका बतौर कप्तान जीत प्रतिशत तो शानदार है, जिसमें दो बड़ी ट्रॉफी भी दिलाई हैं (2025 एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप), लेकिन बैटिंग में उनका ग्राफ गिरा है. वह खासकर बड़े मुकाबलों में रन बनाने के लिए जूझते नजर आए हैं. कप्तानी संभालने के बाद से सूर्या ने 45 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 932 रन ही बनाए हैं. इस दौरान सूर्या ने सिर्फ 5 ही 50+ स्कोर बनाए.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


